Fatehpur Accident: ट्रेलर ने खड़ी लग्जरी कार में मारी टक्कर, एक की मौत व दो घायल
फतेहपुर में सड़क हादसे में एक की मौत।
फतेहपुर में ट्रेलर ने खड़ी लग्जरी कार में टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए।
फतेहपुर, अमृत विचार। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित प्रतिष्ठान के सामने खड़ी लग्जरी कार को अनियंत्रित ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में बैठे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने ट्रेलर चालक को शराब के नशे में पकड़ लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। वहीं पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के कोरसम गांव निवासी सुशील सिंह चौहान पुत्र बजरंग सिंह (28) शहर के शांतीनगर निवासी आशीष सिंह पुत्र विजय सिंह और कानपुर निवासी रुद्रप्रताप सिंह पुत्र कमलेश के साथ शनिवार को दिल्ली जाने के लिए कार से निकले थे। तभी हाईवे में कल्यानपुर क्षेत्र के हाईवे स्थित एक प्रतिष्ठान में रुक गए और कार में बैठकर चाय पीने लगे।
तभी प्रयागराज की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रेलर कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद ट्रेलर यहीं नहीं रुका, हाईवे किनारे इटरौरा निवासी शिवप्रताप सिंह की चाय की गुमटी और वहीं खड़ी एक बाइक को रौंदता हुआ आगे बढ़ता गया और एक खेत में जाकर घुस गया। हादसा देख लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और कार से तीनों लोगों को बाहर निकाला लेकिन तब तक सुशील की मौत हो चुकी थी।
अन्य दोनों घायलों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। वहीं नशे में ट्रेलर चालक को ग्रामीणों ने पकड़कर पिटाई कर दी और सूचना पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया।
ये भी पढ़ें- Fatehpur News: बंद कमरे में बार बालाओं ने किया डांस… लोगों ने खूब उड़ाए पैसे, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
