बरेली: छुट्टा गोवंशीय पशुओं को पकड़ने के लिए आज चलेगा विशेष अभियान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रविवार को तीन सौ पशुओं को पकड़ने का लक्ष्य, डीएम ने सीडीओ को दिए निर्देश

बरेली, अमृत विचार। छुट्टा गोवंशीय पशु किसानों की फसल बर्बाद करने के साथ लोगों पर हमला कर रहे हैं। हर कोई इनसे परेशान है। अब इन्हें पकड़ने के लिए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने सीडीओ को रविवार को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। एक दिन में तीन सौ छुट्टा पशु पकड़ने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है।

दरअसल, पूरे जिले में पांच हजार छुट्टा गोवंशीय पशुओं को पकड़ने का लक्ष्य रखा गया था। अफसरों की मानें तो अब तक 47 सौ पशुओं काे पकड़ा जा चुका है और तीन सौ पशुओं को अभी और पकड़ना है। डीएम रविंद्र कुमार ने बताया कि सीडीओ जगप्रवेश को रविवार को जिले भर में विशेष अभियान चलाकर गोवंशीय पशुओं को पकड़वाने के आदेश दिए हैं। गोवंशीय पशुओं को पकड़कर गोशालाओं में संरक्षित किया जाएगा। 

सीडीओ जगप्रवेश ने बताया कि गोवंशीय पशुओं को लेकर शहर में भी समस्या है। इस संबंध में नगर आयुक्त और एडीएम प्रशासन से बात हुई है। शहर में पकड़े जाने वाले गोवंशीय पशुओं को अगर शहर की गोशाला में रखने की जगह नहीं होगी तो ग्रामीण क्षेत्र की गोशालाओं में संरक्षित किया जाएगा। सभी बीडीओ को विशेष अभियान के तहत गोवंशीय पशुओं को पकड़ने के लिए लगाया गया है। जिले के सभी ब्लॉकों में अभियान चलेगा। प्रत्येक ब्लॉक से 20 गोवंशीय पशु पकड़ने का लक्ष्य है।

ये भी पढ़ें- बरेली: नगर निगम ने जंक्शन रोड पर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ चलाया अभियान, मचा हड़कंप

संबंधित समाचार