बरेली: कैंट मालगोदाम जाने वाली रेल लाइन पर गंदगी देख डीआरएम नाराज
रामगंगा, बिशारतगंज, कैंट स्टेशन का किया निरीक्षण
बरेली/बिशारतगंज, अमृत विचार। मुरादाबाद रेल मंडल के डीआरएम राजकुमार सिंह ने शनिवार को चंदौसी, रामगंगा ब्रिज बिशारतगंज और कैंट स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने कैंट स्टेशन के पास बने लाल फाटक अंडरपास और मालगोदाम का जायजा लिया। उन्होंने मालगोदाम तक आने वाली रेल लाइन पर गंदगी देख नाराजगी जताई और सफाई के निर्देश दिए।
इससे पहले उन्होंने रामगंगा ब्रिज और बिशारतगंज का निरीक्षण किया। रामगंगा रेलवे लाइन ब्रिज पर डीआरएम ने पैदल ट्रैक का जायजा लिया। वहीं बिशारतगंज में जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को सुना। पूर्व चेयरमैन सूरजपाल मौर्य ने डीआरएम को बताया कि प्लेटफार्म व स्टेशन परिसर में रेल यात्रियों को पेयजल की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। हैंडपंप से बेहद दूषित पानी आता है। डीआरएम ने हैंडपंप के पानी की जांच कराने का भरोसा दिलाया। समाजसेवी कमरुद्दीन सैफी ने प्लेटफार्म पर बने शौचालय में पानी की व्यवस्था नहीं होने व प्रतीक्षालय के खंडहर हो जाने की शिकायत की। जितेंद्र मौर्य, बंटू शर्मा ने भी यात्री सुविधाओं को लेकर मांग की। सीनियर डीओएम आशीष सिंह, डीओएम रेहान रजा रिजवी, वरिष्ठ मण्डल विद्युत अभियन्ता जन्मेजय उपाध्याय , मंडल अभियंता हरपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
बिशारतगंज में हो सद्भावना एक्सप्रेस का ठहराव
सांसद प्रतिनिधि प्रदीप मित्तल ने पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास, पश्चिमी रेलवे क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर और प्लेटफार्म पर फुटओवर ब्रिज का निर्माण, सद्भावना ट्रेन के स्टॉपेज आदि की मांग डीआरएम से की। साथ ही कहा कि सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास बनाने का मुद्दा लोकसभा में उठाया था लेकिन उस पर रेल प्रशासन ने अब तक कोई संज्ञान नहीं लिया है।
ये भी पढ़ें- बरेली: छुट्टा गोवंशीय पशुओं को पकड़ने के लिए आज चलेगा विशेष अभियान
