बरेली: प्रवेश पत्रों पर गलत तिथि लिखने से छूटी प्रवेश परीक्षा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से 24 सितंबर को आयोजित कराई गई एमएससी एप्लाईड कैमिस्ट्री की प्रवेश परीक्षा के लिए भेजे गए प्रवेश पत्रों में पांच अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्रों पर परीक्षा तिथि 28 सितंबर लिख दी गई। परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों को जब इसकी जानकारी हुई उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद …

बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से 24 सितंबर को आयोजित कराई गई एमएससी एप्लाईड कैमिस्ट्री की प्रवेश परीक्षा के लिए भेजे गए प्रवेश पत्रों में पांच अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्रों पर परीक्षा तिथि 28 सितंबर लिख दी गई। परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों को जब इसकी जानकारी हुई उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं को मामले की जानकारी दी। अभाविप कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में पहुंचकर कुलपति को ज्ञापन देकर छात्र-छात्राओं की परीक्षा दोबारा कराए जाने की मांग की है।

अभाविप कार्यकर्ता सबसे पहले परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में पहुंचे, वहां पर परीक्षा नियंत्रक नहीं मिले तो उन्होंने कुलपति को छात्र-छात्राओं की समस्या से अवगत कराया। अभाविप कार्यकर्ताओं ने कुलपति को ज्ञापन देकर बताया कि अमरोहा जिले के पांच अभ्यर्थी, जिन्होंने एमएससी एप्लाईड कैमिस्ट्री की प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन किया था। उन लोगों की प्रवेश परीक्षा 24 सितंबर को आयोजित की गई थी, जबकि उन लोगों को भेजे गए प्रवेश पत्र में 28 सितंबर लिख दिया गया।

संगठन के महानगर मंत्री गौरव यादव ने कुलपति से कहा कि इस मामले की जांच कराई जाए, साथ ही इन विद्यार्थियों को न्याय मिलना चाहिए और परीक्षा का मौका मिलना भी दिया जाए, क्योंकि इसमें उनकी कोई गलती नहीं है। वहीं, इस तरह की लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान योगेश पंडित, अंकित यादव, रवि प्रताप, आशीष कुमार, संदीप, पीके मिश्रा, राजन सक्सेना आदि मौजूद रहे।

रुविवि में बौद्धिक संपत्ति अधिकार प्रकोष्ठ फिर से गठित किया
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति के निर्देश पर रुविवि में आईपीआर कमेटी का फिर से गठन किया गया। कुलसचिव डा. सुनीता पांडेय की ओर से 25 सितंबर को जारी किए गए आदेश पत्र के अनुसार बौद्धिक संपत्ति अधिकार प्रकोष्ठ (आईपीआर कमेटी) का पुनर्गठन का हुआ है। कुलसचिव ने बताया कि सीएसआईटी विभाग के प्रोफेसर एसएस बेदी को आईपीआर कमेटी का नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं, प्लेसमेंट सेल के प्रोफेसर विनय ऋषिवाल, फार्मेसी विभाग के डा. अमित वर्मा, विधि विभाग के डा. अशोक कुमार, शिक्षा विभाग के डा. नीरज कुमार, उत्तर प्रदेश के पीआईसी सीएसटी के नॉमिनी निदेशक और नई दिल्ली के पीएफसी टीआईएफएसी के नॉमिनी निदेशक को सदस्य बनाया गया है। कुलपति ने समिति के सदस्यों को आईपीआर से संबंधित कार्य सुचारू रूप से संचालित करने का निर्देश दिया है।

संबंधित समाचार