बीजेपी ने सिक्किम में राज्यसभा चुनाव के लिए दोरजी शेरिंग लेप्चा को बनाया उम्मीदवार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गंगटोक। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सिक्किम में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए विधायक दोरजी शेरिंग लेप्चा को रविवार को अपना उम्मीदवार बनाने की घोषणा की। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने एक बयान में कहा कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने 19 जनवरी के चुनाव के लिए लेप्चा के नाम को मंजूरी दे दी है। लेप्चा वर्तमान में पाक्योंग जिले की ग्नथांग माचोंग सीट से विधायक हैं। 

लेप्चा पिछली सिक्किम लोकतांत्रिक मोर्चा (एसडीएफ) सरकार में दो बार मंत्री रह चुके हैं और 2019 विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी के नौ अन्य विधायकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए थे। इसके बाद सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) की सरकार बनी थी। मंत्री के रूप में लेप्चा के पास भवन एवं आवास और परिवहन जैसे विभाग थे। 

राज्य की एकमात्र राज्यसभा सीट वर्तमान में विपक्षी एसडीएफ के हिशे लाचुंगपा के पास है। उनका कार्यकाल 23 फरवरी को समाप्त हो रहा है। बत्तीस सदस्यीय सिक्किम विधानसभा में एसकेएम के 19, भाजपा के 12 और एसडीएफ के एक सदस्य हैं। एसकेएम और एसडीएफ ने अभी तक चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। एसकेएम भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा है, लेकिन दोनों दल राज्य में एक साथ नहीं हैं। 

ये भी पढे़ं- 9 जनवरी को जम्मू-कश्मीर का दौरा करेंगे अमित शाह, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

 

संबंधित समाचार