संभल : किसान गया था गन्ना बेचने, चीनी मिल में पड़ी मिली लाश...शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
संभल अमृत विचार। रजपुरा थाना क्षेत्र में डीएसएम शुगर मिल के केन यार्ड में सोते किसान की गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहिए के नीचे दबकर मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के गांव जहानपुर निवासी रवि कुमार (27 वर्ष) पुत्र गिरीश रविवार को देरशाम गांव निवासी दोस्त प्रहलाद के साथ किराये की ट्रैक्टर ट्राली में गन्ना लादकर डीएसएम शुगर मिल रजपुरा पहुंचा। रवि कुमार और प्रहलाद ने केन यार्ड में ट्रैक्टर ट्राली 63वीं लाइन में खड़ी की। चूंकि लाइन नहीं चल रही थी, इसलिए दोनों ट्राली के नीचे एक ही लिहाफ में सो गए।
सोमवार को तड़के चार बजे प्रहलाद ने उठने के बाद ट्रैक्टर ट्राली स्टार्ट कर बढ़ा दी। नीचे सो रहा रवि कुमार ट्राली के पहिये के नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जिसके बाद प्रहलाद ने घर पहुंचकर रवि कुमार की पत्नी को हादसे की जानकारी दी। रवि कुमार की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पहुंचकर शव कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ये भी पढ़ें : संभल : एसीएमओ की फिसली जुबान, बोले- हर विभाग में लिया जाता है सुविधा शुल्क!
