Etawah News: घरवालों को पता नहीं और शव ले गया कोई और... परिजन लगा रहे थाने के चक्कर, जानें- पूरा मामला
इटावा में घरवालों को पता नहीं लगा और शव कोई और ले गया।
इटावा में घरवालों को पता नहीं लगा और शव कोई और ले गया। जबकि परिजन थाने के चक्कर लगा रहे। मामला संज्ञान में आने के बाद एसएसपी ने जांच सौंपी।
इटावा, अमृत विचार। एक सप्ताह पूर्व अपने घर से लापता एक युवक का शव फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेलवे ट्रेक पर पडा मिला। शिनाख्त न होने पर शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया। बाद में एक व्यक्ति ने वकील के जरिए पुलिस से संपर्क कर उस शव को अपने परिवार का बताकर उसे ले लिया।
बाद में मृतक के परिवार के लोग खोजबीन करते हुए आए और फोटो के आधार पर उसकी शिनाख्त सत्यवीर निवासी रामनगर अटसू के रूप में की। शव को दूसरा ले जा चुका था। सोमवार को परिवार के लोगों ने इसकी शिकायत एसएसपी से की। एसएसपी ने एसपी सिटी को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के लिए कहा है।
अजीतमल थाना क्षेत्र के गांव राम नगर अटसू निवासी सत्यवीर पुत्र मानसिंह जो कि मानसिक रूप से विक्षिप्त थे। वह एक जनवरी को घर से इकिदल जाने की कहकर निकले थे। बाद में फ्रेंड्स कालोनी क्षेत्र में रेलवे ट्रेक पर उनका शव मिला था। परिवार के लोगों ने इसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। शव मिलने के बाद में उमेश कुमार नाम के एक व्यक्ति ने आधार कार्ड दिखा शव परिजन का बताया बॉडी रिसीव कर ली और उसे ले गए।
सोमवार को खोजबीन करते हुए सत्यवीर के परिवार के लोग इटावा आए और उन्होने सत्यवीर होने का दावा कर शव को सौंपने की बात की। चूंकि शव दूसरा ले जा चुका था। इस सम्बंध में परिजन एसएसपी से मिले और घटना की जानकारी दी।
एसएसपी ने मामले की जांच एसपी सिटी को सौंपी है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि ऐसा लग रहा क्लेम करने के चक्कर में दूसरा कोई शव को ले गया। दूसरा पक्ष भी दावा कर रहा है। इसकी जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- Kannauj News: किसान को जबरन ट्रांसफार्मर पर चढ़ाया, करंट से मौत, परिजनों ने किया हंगामा, पुलिस को नहीं उठाने दिया शव
