बरेली: लुटेरे ही नहीं अब सिरौली पुलिस पर भी भारी पड़ रहे चोर
फोटो- एसएसपी से मिलने पहुंचे सिरौली क्षेत्र के लोग।
बरेली, अमृत विचार: लुटेरे ही नहीं अब पुलिस पर चोर भी भारी पड़ने लगे हैं। सिरौली क्षेत्र में सात माह में एक लूट और आठ चोरियां हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस एक का भी खुलासा नहीं कर सकी है। पुलिस पीड़ितों से अपनी सुरक्षा स्वयं करो कहकर शांत होकर बैठ जाती है। सिरौली क्षेत्र के तमाम लोग सोमवार को एसएसपी से मिले और घटनाओं का खुलासा कराने की मांग की है।
सिरौली क्षेत्र में गांव से लेकर कस्बे तक जुलाई 2023 से अब तक आठ चोरियों व एक लूट की घटना हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस एक का भी खुलासा नहीं कर सकी है। कई लोगों की चोरी की रिपोर्ट भी पुलिस ने दर्ज नहीं की है। शिकायतकर्ताओं से पुलिस एक की बात कहती है कि अपने सामान की सुरक्षा स्वयं करो।
हालात ये हैं कि क्षेत्रीय लोग रात रात भर जागकर रखवाली करते हैं। कस्बे और आसपास के गांवों के सुबोध कुमार, अनिल कुमार, सौरभ गुप्ता, योगेन्द्र उर्फ पप्पू और आशोक कुमार ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायती पत्र देकर घटनाओं का खुलासा कराने की मांग की है। लोगों ने बताया कि घटनाओं का खुलासा न होने से चोर और लुटेरों के हौसले बुलंद हैं। शाम को लोगों ने घरों से बाहर भी निकलना कम कर दिया है। एसएसपी ने घटनाओं का खुलासा करने के निर्देश इंस्पेक्टर सिरौली को दिए हैं।
सिरौली क्षेत्र में हुईं घटनाएं
17 जुलाई 2023 को अलीगंज सिरौली रोड पर स्थित एक बरात घर से चोर दो अल्टीनेटर 1000 एलईडी बल्ब, समेत करीब 2.50 लाख रुपये की चोरी कर भाग गए। इसी दिन पप्पू कारपेंटर की दुकान में चोरी हुई। 19 जुलाई को सिरौली अलीगंज रोड पर स्थित महेशपाल के घर से चोर भैंसे चुराकर ले गए। 1 दिसंबर को चोरों ने सौरभ गुप्ता की दुकान में नकबजनी कर हजारों की चोरी की। इसी दिन यहीं के करीबशाह की दुकान से हजारों की चोरी कर ली गई। 30 दिसंबर की रात को बदमाशों ने सेवानिवृत्त शिक्षक डा. रमेश चंद्र शर्मा के घर में लूटपाट की। इसी दिन बाबू बख्श के घर में घुस चोर हजारों का सामान समेट ले गए। जनवरी में सिरौली कस्बे में थाने के पास शांति मार्डन बैंकेट हॉल में चोरी की घटना हुई थी।
यह भी पढ़ें- बरेली: 'आत्मदाह ही बचा है आखिरी रास्ता, समाधान नहीं हुआ तो लाशें उठेंगी', किसानों ने दी चेतावनी...जानिए मामला
