बड़ी कामयाबी: गृह मंत्रालय ने एनटीपीसी ऊंचाहार को किया पुरस्कृत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ऊंचाहार /रायबरेली, अमृत विचार। जोधपुर राजस्थान में गृह मंत्रालय भारत सरकार के राजभाषा सम्मेलन में राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र तथा गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा व निदेशक आईआईटी जोधपुर सांतनु चौधरी ने राजभाषा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर गृह मंत्रालय भारत सरकार का उत्तर क्षेत्रीय राजभाषा उत्कृष्ट प्रदर्शन द्वितीय पुरस्कार एनटीपीसी ऊंचाहार को प्रदान किया। यह पुरस्कार एनटीपीसी ऊंचाहार के महाप्रबंधक (ईंधन प्रबंधन) के डी यादव व वरिष्ठ प्रबंधक (राजभाषा) श्रीनिवास शर्मा द्वारा राजभाषा सम्मेलन में प्राप्त किया गया।

ऊंचाहार परियोजना पहुंचने पर मानव संसाधन प्रमुख रूमा दे शर्मा ने परियोजना प्रमुख को राजभाषा पुरस्कार सौंपा और उनके मार्गदर्शन हेतु उनका आभार प्रकट किया। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख मनदीप सिंह छाबड़ा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि एनटीपीसी ऊंचाहार विद्युत उत्पादन में अग्रणी रहने के साथ-साथ राजभाषा के उत्थान के प्रति भी पूर्ण रूप से समर्पित है। राजभाषा का प्रचार-प्रसार हमारी कार्य-संस्कृति में समाहित है। हिंदी हम भारतीयों के दिलों में वास करती है। राजभाषा के क्षेत्र में एनटीपीसी ऊंचाहार सभी के लिए रोल मॉडल बनकर सामने आया है।

मानव संसाधन प्रमुख रूमा दे शर्मा ने बताया कि एनटीपीसी ऊंचाहार के लिए ये गौरव का पल है जब विद्युत उत्पादन के साथ-साथ हम राजभाषा में भी नई बुलंदियां छू रहे हैं। भारत सरकार द्वारा राजभाषा पुरस्कार मिलना हमें राजभाषा में और अधिक कार्य करने के प्रति प्रेरित करता है। वरिष्ठ प्रबंधक (राजभाषा) श्रीनिवास शर्मा ने कहा कि हम अपने सभी कर्मचारियों को दैनिक तौर पर राजभाषा में कार्य करने व अपने सहयोगियों को राजभाषा में कार्य करने के लिए प्रेरित करने की अपील करते हैं उसी का ये परिणाम है कि हमारे प्रयासों को गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग ने पहचाना और राजभाषा में उत्कृष्ट कार्य करने पर हमारी परियोजना को सम्मानित किया।

ये भी पढ़ें -रायबरेली में कश्मीर का एप्पल बेर और कोलकाता के अमरूद जुबां में घोल रहे मिठास

संबंधित समाचार