आंझी ओवरब्रिज पर फर्राटा भरने लगीं गाड़ियां, 46 करोड़ की लागत से हुआ निर्माण  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहाबाद/ हरदोई, अमृत विचार। चुनाव में ऊंचे-ऊंचे सब्जबाग दिखाकर पार्टी के उम्मीदवार मतदाताओं को ढ़ेरों आश्वासन देते हैं और चुनाव जीतने के बाद उन्ही जनप्रतिनिधियों के दर्शन दुर्लभ हो जाते हैं लेकिन शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र से लगातार दूसरी बार जीती क्षेत्रीय विधायक और उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने इस भ्रम को पूरी तरह से तोड़ दिया। उच्च शिक्षा राज्य मंत्री ने लगभग अपने सभी चुनावी वायदों पर अमल किया। इन्हीं वायदों में से एक ओबर ब्रिज जनता के सुपुर्द किया गया। इस ओवर ब्रिज पर गाड़ियां फर्राटा भरने लगी है। सालों से जाम का दंश झेल रहे इस मार्ग के दुकानदारों और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। आँझी रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज सेतु निर्माण निगम द्वारा निर्माणकार्य पूरा कर लिया गया है। सेतु निर्माण निगम ने अब इसे आम जनता की आवाजाही के लिए खोल दिया है।

आँझी रेलवे क्रासिंग पर 46 करोड़ रुपये की लागत से 650 मीटर लम्बा ओवरब्रिज का निर्माण किया गया है। इससे तहसील मुख्यालय शाहाबाद से पिहानी, सीतापुर, मोहम्मदी, लखीमपुर खीरी व लोनी शुगर मिल तक जानें के लिए आंझी रेलवे क्रासिंग से होकर जाना पड़ता है। हावड़ा जम्मूतवी मुख्य रेलवे मार्ग होने के कारण बड़ी संख्या में ट्रेनें गुजरती हैं। इसी कारण 24 घंटे के दौरान कई बार रेलवे फाटक बंद होने से घंटो जाम लगा रहता था। गन्ने के सीजन में 4 से 5 महीने तक लाखों राहगीरों को जाम की स्थिति से जूझना पड़ता था। हालांकि अब ओवरब्रिज का निर्माण होने से आने-जाने वाले हजारों लोगों को सुविधा मिलेगी। प्रदेश सरकार में उच्च शिक्षा राज्यमंत्री तथा शाहाबाद विधायक रजनी तिवारी ने वर्ष 2021 में इस ओवरब्रिज का प्रस्ताव तैयार करवाया था। करीब तीन साल के भीतर इसका निर्माण कार्य पूरा किया गया है। ओवरब्रिज पर छत भी लगाई गई है। साथ ही दोनों ओर ऊंची रैलिंग लगाई गई है ताकि कोई हादसा न हो। 

अभी तक इस क्षेत्र के लोगों खासकर स्कूली बच्चों को ट्रैफिक के बीच से सड़क पार करनी पड़ती थी। दरअसल तहसील क्षेत्र में लोनी मिल होने के कारण यहां रोजाना हजारों वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में अब ओवरब्रिज बनने से आम जनता को सुविधा मिलेगी। ओवर ब्रिज पर छोटे और भारी वाहन फर्राटा भरने लगे हैं। यहां के दुकानदारों का व्यापार पूरी तरह से चौपट हो गया था लेकिन ओवरब्रिज बन जाने के बाद अब दुकानदारों को काफी राहत मिलेगी और उनके व्यापार में भी तरक्की होने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें -टीबी पर योगी सरकार का करारा प्रहार, इंडीकेटर में हासिल किये 80 से अधिक अंक

संबंधित समाचार