सो रहे थे घर के लोग, अचानक लगी आग - भागकर बचाई जान
हरदोई, अमृत विचार। रात की गहरी नींद में सो रहे घर वालों को अचानक आग की लपटों ने घेर लिया। नींद टूटने पर घर वाले उठ-उठ कर भागने लगे। आस-पड़ोसियों में भगदड़ मच गई। अचानक आग लगने की खबर सुनते ही वहां पहुंचें दमकल कर्मियों ने बमुश्किल किसी तरह से आग पर काबू पाया।
बताया गया है कि सोमवार की रात को कोतवाली शहर के बगियापुरवा निवासी पप्पू और उसके घर वाले गहरी नींद में सो रहे थे,उसी बीच उसके कमरें में आग लग गई। आग की लपटें कमरें से बाहर निकलने लगी।इसका पता होते ही वहां सो रहे लोग उठ-उठ कर भाग निकले। आग लगने का पता होने से पप्पू के आस-पड़ोसियो में भगदड़ मच गई। पहले तो उन्हीं लोगों ने आग पर काबू करना चाहा, लेकिन उनका कोई बस नहीं चला। उसके बाद सूचना पा कर वहां पहुंचें दमकल कर्मियों ने बमुश्किल किसी तरह आग पर काबू पाया। लेकिन उससे पहले पप्पू के घर-गृहस्थी का सारा सामान जल कर राख हो चुका था। पप्पू का कहना है कि आग से उसके घर में जो कुछ भी था,सारा का सारा राख हो गया।
ये भी पढ़ें -आंझी ओवरब्रिज पर फर्राटा भरने लगीं गाड़ियां, 46 करोड़ की लागत से हुआ निर्माण
