एकेटीयू: बीफार्मा के छात्र द्वितीय चरण की परीक्षा में होंगे शामिल
अमृत विचार लखनऊ। डॉ एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के शैक्षिक सत्र 2023-24 के विषम सेमेस्टर के प्रथम चरण की चल रही परीक्षाओं में बीफार्मा पाठ्यक्रम के ऐसे छात्र जिन्होंने अपने तृतीय वर्ष के पांचवें सेमेस्टर की रेगुलर परीक्षाओं के साथ प्रथम एवं द्वितीय के कैरीओवर विषयों का परीक्षा फॉर्म भर दिया है और उन्हें प्रवेश पत्र मिल गया है, ऐसे सभी छात्र अपने प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के कैरीओवर विषयों की परीक्षा फरवरी मार्च में आयोजित होने वाली द्वितीय चरण की परीक्षाओं के साथ सम्मिलित होंगे।
ऐसे छात्रों को वर्तमान परीक्षाओं में शाामिल नहीं किया जाएगा। बीफार्मा पाठ्यक्रम के ऐसे छात्र जिनका प्रथम एवं द्वितीय वर्ष का परीक्षा परिणाम स्टेटस एनपीटीवाई और एनपीएफवाई है वे छात्र ही उक्त परीक्षा में शामिल होने के पात्र हैं।
एकेटीयू के छात्र स्वानुभूति शिविर में लेंगे हिस्सा
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के संबद्ध संस्थानों के छात्र प्रयागराज में साधनाश्री कुटुम्ब न्यास की ओर से कुम्भ माघ मेला में आयोजित हो रहे कार्यक्रम स्वानूभूति शिविर 2024 में हिस्सा लेंगे। एक दिवसीय इस शिविर में छात्रों और युवाओं को नैतिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक सहज आत्मिक व्यक्तित्व के विकास की अनुभूति होगी।
विशेषज्ञ छात्रों को इन अवयवों को साझा करेंगे। जिससे छात्र अपने जीवन में बदलाव महसूस कर सकेंगे। शिविर में भाग लेने के लिए कुलपति प्रो0 जेपी पांडेय के निर्देशन में कुलसचिव रीना सिंह ने संबद्ध संस्थानों के निदेशकों और प्राचार्य को पत्र लिखा है।
