बदायूं: सगाई के बाद की दहेज की मांग, मना करने पर तोड़ा रिश्ता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आवास विकास कॉलोनी पीड़िता ने हाथरस निवासी छह लोगों के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट

बदायूं, अमृत विचार: शहर निवासी एक युवती कर रिश्ता जिला हाथरस निवासी युवक के साथ तय हुआ। सगाई की रस्म भी हो गई। जिसके बाद युवती के होने वाले ससुरालीजनों ने दहेज की मांग की। युवती की मां ने मांग पूरी करने में असमर्थता जताई तो उन्होंने रिश्ता तोड़ दिया। महिला की तहरीर पर पति समेत छह ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी निवासी मंजू सिंह ने तहरीर देकर बताया कि उनके पति ब्रजेश कुमार की मौत हो चुकी है। उनकी दो बेटियां और एक बेटा है। उन्होंने अपनी बड़ी बेटी राशि का रिश्ता जिला हाथरस के थाना क्षेत्र के गांव फरौली निवासी अजय प्रताप सिंह के साथ तय किया था। 17 सितंबर 2023 को सगाई हुई। 31 जनवरी 2024 शादी की तिथि निर्धारित हुई थी। 

सगाई में उनके एक लाख 60 हजार रुपये खर्च हुए थे। होने वाले दूल्हे को सोने की अंगूठी, 21 जोड़ी कपड़े, नगदी, मिठाई, फल आदि दिए थे। सगाई होने के तकरीबन एक महीने के बाद अजय प्रताप सिंह, उनके पिता महेश चंद्र, मां उर्मिला देवी, बहन पूनम, बहनोई अंकित सिंह, भाई अनुज कुमार शादी से पहले लगन में पांच लाख रुपये नगद, बुलेट मोटरसाइकिल, 48 इंच की एलईडी टीवी, वॉशिंग मशीन, फ्रिज, सोफा, डबल बेड आदि की मांग की वर्ना शादी करने से इंकार कर दिया। महिला के अनुसार सगाई से पहले उन्होंने मांग नहीं की थी। 

महिला ने बेटी की शादी में रुपये और यह सब सामान देने में असमर्थता जताई। तो होने वाले ससुरालीजनों ने शादी से मना कर दिया। महिला की तहरीर पर अजय प्रताप सिंह, महेश चंद्र, उर्मिला देवी, अनुज कुमार, पूनम, अंकित सिंह के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज की है।

यह भी पढ़ें- बदायूं: इस बार 15 मार्च से शुरू होगी गेहूं की खरीद, समर्थन मूल्य में शासन ने की 150 रुपये की वृद्धि 

संबंधित समाचार