भाजपा को पीडीए और इंडिया गठबंधन मिलकर करेगा पराजित - अखिलेश यादव

Amrit Vichar Network
Edited By Ankit Yadav
On

सपा कार्यालय में हुई समाजवादी सोशल मीडिया की बैठक

अमृत विचार, लखनऊ। समाजवादी पार्टी पर करोड़ों लोगों का भरोसा है। समाजवादी पीडीए- पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक सभी भाजपा सरकार के अन्याय, अत्याचार और उत्पीड़न के शिकार हैं। समाजवादी पार्टी इनके हक और सम्मान की लड़ाई लड़ रही है। आने वाले 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पीडीए और इंडिया गठबंधन मिलकर भाजपा को सभी 80 सीटों पर पराजित करेगा। ये बातें सपा मुखिया अखिलेश यादव ने बुधवार को समाजवादी प्रदेश कार्यालय में आयोजित सोशल मीडिया की बैठक के दौरान कहीं। इसके अलावा उन्होंने महंगाई, कानून व्यवस्था, महिलाओं का उत्पीड़न, नौजवानों के रोजगार को लेकर बीजेपी पर जमकर हमला बोला।

सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा नकारात्मक राजनीति करने की आदी है। संविधान और लोकतंत्र पर खतरा है। 2024 के लोकसभा चुनाव में सर्वाधिक 80 सीटें उत्तर प्रदेश में है इसलिए यूपी की जिम्मेदारी भी बड़ी है। सपा कार्यकर्ताओं को भाजपा के जाल में नहीं फंसना है। सभी 80 सीटों पर भाजपा को हराने के लिए एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा साजिश करने में माहिर हैै और जनहित की राजनीति नहीं करती है। भाजपा का विकसित भारत का दावा झूठा है। उनके 10 साल की सरकार में किसान की आमदनी दोगुनी नहीं हुई। वहीं भाजपा बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई के मुद्दे पर नहीं चर्चा करती है।  हर तरफ लूट मची हुई है। थाना-तहसील से लेकर ऊपर तक बिना लेनदेन के कोई काम नहीं हो रहा है। 

भाजपा को पीडीए और इंडिया गठबंधन मिलकर सभी 80 सीटों पर पराजित करेगा - अखिलेश यादव (2)

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि जनता को स्वास्थ्य सेवाएं और अस्पतालों में इलाज और दवा की व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। मरीजों को इधर से उधर रेफर करने के खेल में लोगों की जानें जा रही है। 108 और 102 डायल एम्बुलेंस सेवा पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। यूपी डायल 100 पुलिस सेवा को भी भाजपा ने 112 बनाकर बर्बाद कर दिया। ठंड की ठिठुरती रातों में भी गरीबों के लिए न ही अलाव की और न रैन बसेरा की व्यवस्था है। अधिकारी जश्न की तैयारियों में लगे हैं। 

ये भी पढ़ें:- खबर का असर: डीएम गोंडा के निर्देश पर खाली हुआ सामुदायिक शौचालय

संबंधित समाचार