लखनऊ : गोमती नगर थाने का कर्मचारियों ने किया घेराव, एलडीए वीसी पर लगाये गंभीर आरोप
लखनऊ, अमृत विचार। स्मारक संरक्षक समिति के कर्मचारियों ने बुधवार को गोमती नगर थाने का घेराव किया है। कर्मचारी चटोरी गली में हुये विवाद और कर्मचारी नेता की गिरफ्तारी को लेकर आक्रोशित थे। वह एलडीए वीसी के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग कर रहे थे।
दरअसल, स्मारक संरक्षक समिति के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर बीते 18 दिसंबर से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हुये थे, लेकिन सेना दिवस के अवसर पर होने वाले कार्यक्रम को लेकर कर्मचारियों ने आम्बेडकर पार्क के अंदर साफ-सफाई व्यवस्था का काम शुरू कर दिया था। आरोप है कि एलडीए के अधिकारी पार्क के बाहरी क्षेत्र में भी साफ- सफाई व्यवस्था का कार्य कराना चाहते थे। जिस पर स्मारक संरक्षक समिति के कर्मचारियों ने एतराज जताया। इसी के चलते बुधवार को चोटोरी गली में एलडीए वीसी और कर्मचारी नेता कौशल किशोर आदित्य के बीच कहासुनी हो गई। कर्मचारी नेता ने एलडीए वीसी पर अभद्रता करने का आरोप लगाया। कर्मचारी नेता की माने तो एलडीए वीसी ने उन्हें जबरन गाड़ी में लादकर गोमती नगर थाने भेज दिया। जहां पर मेरा मोबाइल छीन लिया गया। इसी बात से नाराज होकर कर्मचारी गोमती नगर थाने पहुंचे। हमारी सुनवाई भी पुलिस नहीं कर रही थी। कौशल किशोर आदित्य ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने एक कागज पर हस्ताक्षर करा कर मुझे भेज दिया है, लेकिन मेरे साथ एलडीए उपाध्यक्ष ने मारपीट करते हुये जातिसूचक शब्दो का इस्तेमाला किया, उस पर कोई कार्रवाई नहीं की है।
बता दें कि स्मारक संरक्षक समिति के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर 18 दिसंबर से ईको गार्डेन में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं । कर्मचारी पुनरीक्षित वेतनमान, मृतक आश्रित कोटा, स्थाईकरण व पदोन्नति, सीपीएफ खाता, मेडिकल लीव, दिवाली बोनस समेत अन्य मांगों को लेकर कई बार गुहार लगा चुके हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : हिन्दू और मुसलमान दोनों के लिए शुभ है यह जीव, गंगा-जमुनी तहजीब की बनी मिसाल
