20 से बंद हो जाएंगे रामलला के दर्शन, 23 से प्रतिदिन दो लाख श्रद्धालुओं को मिलेगा यात्री सुविधा का लाभ
अमृत विचार अयोध्या : दर्शन-पूजन के लिए यहां आने वाले श्रद्धालु 20 जनवरी से रामलला के दर्शन नहीं कर पाएंगे। प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के चलते ट्रस्ट ने दर्शन-पूजन पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मंदिर निर्माण में सहयोगी गोपाल जी राव ने बताया कि समारोह को देखते हुए अब 23 जनवरी से श्रद्धालुओं को रामलला के दर्शन भव्य राम मंदिर में मिलेंगे। साथ ही उन्हें यात्री सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा।
उन्होंने बताया कि यहां प्रतिदिन लगभग दो लाख श्रद्धालुओं के लिए यात्री सुविधाओं के रूप में लॉकर, आराम करने की जगह, चिकित्सा सुविधा के साथ शौचालय की व्यवस्था होगी। यात्री सुविधा केंद्र में एक साथ 25 हजार लोग अपने मोबाइल, पर्स व सामान रख सकते हैं। यहां पर तीन हजार यात्रियों के एक साथ बैठने की सुविधा भी होगी। उन्होंने कहा कि एक लॉकर में कई यात्री अपने सामान रख सकेंगे। इसी तहर दिन भर में पांच बार बारी-बारी से दो लाख लोगों को यात्री सुविधा केंद्र के लाभ से लाभांवित होंगे। वहीं यात्रियों के लिए 10 बेड का मिनी अस्पताल भी होगा। जहां चिकित्सकों की टीम 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।
16 जनवरी से ही प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान शुरू हो जाएगा। 18 जनवरी से अधिवास पूजन व अन्य पूजन का कार्य प्रारंभ होंगे। जिसको देखते हुए 20 जनवरी से भक्तों को रामलला के दर्शन नहीं होंगे। पूजन के दौरान सिर्फ कुछ लोग ही वहां पर मौजूद होंगे। 20 से 22 तक अयोध्या में विशिष्ट अतिथियों का आवागमन होगा। ऐसे में यहां पर आना संभव नहीं हो सकेगा। लोग अपने घरों और निकट के मंदिरों पूजन और धार्मिक अयोजन करें और शाम को अपने घरों के बाहर पांच दीपक जरूर जलाएं। 23 जनवरी से अयोध्या आने की योजना बनाएं।- चंपत राय, महासचिव, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट।
