लखनऊ : विपक्षी दल गठजोड़ में उलझे, विजय का बिगुल बजाएगी भाजपा, सीएम बोले- नरेंद्र मोदी को तीसरी बार बनाना है पीएम

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण से आत्मनिर्भर भारत निर्माण का संकल्प पूर्ण हो रहा है। देश आर्थिक, सामरिक व सांस्कृतिक उत्थान के साथ सम्पूर्ण विश्व का मार्ग प्रशस्त कर रहा है। उत्तर प्रदेश की पहचान कभी दंगा प्रदेश के रूप में होती थी आज वही उत्तर प्रदेश की धरती डबल इंजन की सरकार में भयमुक्त, दंगामुक्त, खुशहाल तथा हर्ष और उल्लास के साथ उत्सव प्रदेश हो गयी है। उत्तर प्रदेश से 80 लोकसभा सीटे जीतने का लक्ष्य पूर्ण करके नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है। उन्होंने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ ही सरकार के निर्णय व संगठन की विचारधारा को जनमानस के बीच लेकर काम करना है। भाजपा कार्यकर्ता परिश्रम का पर्याय हैं और किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने में सक्षम है। सीएम ने यह बातें पार्टी की तरफ से आयोजित योजना बैठक के दौरान कहीं हैं।

दरअसल, बीजेपी की तरफ से लोकसभा चुनाव की तैयारियां और तेज कर दी गई हैं। जिस पर मंथन करने के लिए गुरुवार को बैठक आयोजित की गई। जिसमें पार्टी के कार्यक्रम व अभियानो के साथ ही मिशन 2024 की निश्चित सफलता की रणनीति पर चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता में यह बैठक आयोजित की गई। जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावडे़, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, प्रदेश सहप्रभारी संजीव चौरसिया की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गयी। 

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने अपने सम्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तीसरी बार भाजपा को चुनने जा रहा है। इस सरकार गठन में उत्तर प्रदेश की शत प्रतिशत भागीदारी के लिए संगठन की प्रदेश इकाई मजबूती के साथ संकल्पित है। उन्होंने कहा कि मोदी व योगी के रूप में कुशल नेतृत्व और भाजपा कार्यकर्ताओं का अनुशासन व परिश्रम जीत की गारन्टी है। पार्टी की तरफ से लोकसभा चुनाव की तैयारियां प्रारम्भ हो चुकी है, ऐसे में हमारी सक्रियता भी बढेगी। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा व कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दल जहां एक ओर गठजोड़ के लिए जद्दोजहद कर रहे है। वहीं हमें बूथ विजय का लक्ष्य लेकर प्रत्येक बूथ पर विजय की रणनीति पर काम करना है। केन्द्रीय नेतृत्व को संगठन की प्रदेश इकाई प्रत्येक अभियान व कार्यक्रम के प्रभावी तथा परिणाम केन्द्रित क्रियान्वयन के लिए आश्वस्त करती है।

पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री  विनोद तावडे़ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सम्मानित जनता ने गांव, नगर की सरकार से केन्द्र की सरकार तक भारतीय जनता पार्टी को मुक्तहस्त से आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि लाभार्थी सम्पर्क के माध्यम से हमें प्रत्येक लाभार्थी की दहलीज पर पहुंचकर सम्पर्क व संवाद स्थापित करना है। 

यह भी पढ़ें : लखनऊ : स्वास्थ्य और सौंदर्य पर नई जानकारियां और तकनीक साझा करने जुटेंगे कॉस्मेटोलॉजिस्ट एंड ब्यूटीशियन

संबंधित समाचार