Kanpur News: आज से बंद होंगी टेनरियां, नालों की निगरानी, माघ मेले को देखते हुए लिया गया फैसला
कानपुर में आज से टेनरियां बंद होंगी।
कानपुर में आज से टेनरियां बंद होंगी। तीन दिन में प्रयागराज गंगा का पानी पहुंचता है। मकर संक्रांति के लिए चार दिन के लिए बंदी होगी। छह स्नान पर्वों के लिए 24 दिन काम बंद होगा।
कानपुर, अमृत विचार। प्रयागराज में होने वाले माघ मेला में गंगाजल स्वच्छ और निर्मल रहे, इसके लिए मकर संक्रांति के स्नान से पूर्व शहर की टेनरियां शुक्रवार से बंद हो जाएंगी। 12 जनवरी से आठ मार्च के बीच छह स्नान पर्वों के लिए टेनरियां कुल 24 दिन बंद रहेंगी। सिंचाई विभाग के अनुसार सामान्य प्रवाह की स्थिति में कानपुर से पानी तीन दिन में प्रयागराज पहुंचता है। मकर संक्रांति का स्नान 15 जनवरी को है। इस कारण 12 जनवरी से टेनरियां बंद होंगी।
माघ मेला को देखते हुए 12 जनवरी से आठ मार्च तक गंगा में किसी भी प्रकार का प्रदूषणकारी जल, रंगीन उत्प्रवाह बहाने पर रोक लगाई गई है। इस कारण प्रयागराज में जिस दिन स्नान पर्व होगा, उससे तीन दिन पहले शहर में टेनरियां और रंगीन उत्प्रवाह करने वाले सभी तरह के उद्योग बंद हो जाएंगे। इस दौरान नालों के प्रदूषित उत्प्रवाह पर भी रोक लगाई जाएगी। उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार यह रोक 12 से 14 जनवरी तक जारी रहेगी।
इसी तर्ज पर पौष पूर्णिमा, मौनी अमावस्या, बसंत पंचमी, माघी पूर्णिमा और अंतिम महाशिवरात्रि स्नान पर्व पर भी शहर में चार-चार दिन के लिए टेनरियां बंद करने का आदेश है। यह व्यवस्था कानपुर, उन्नाव, कानपुर देहात और हरदोई के उद्योगों पर लागू रहेगी।
डीएम की टीम करेगी निगरानी
टेनरियों पर नजर रखने के लिए डीएम की अध्यक्षता में टीम गठित की गई है। यह टीम बंदी के दौरान टेनरियों का औचक निरीक्षण करेगी। निरीक्षण में अगर कहीं काम होते मिला तो टेनरी पर जुर्माना लगाया जाएगा।
सभी टेनरी मालिकों को सख्त आदेश हैं। स्नान पर्व के तीन दिन पहले से टेनरियां बंद रहेंगी। बीच-बीच में खोलने की इजाजत दी गई है। प्रदूषणकारी उद्योग, सीईटीपी, एसटीपी, सीवेज नालों की टैपिंग, नालों में बायोरेमिडियेशन का स्थलीय निरीक्षण कर नजर रखी जाएगी।- अमित मिश्रा, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी।
स्नान पर्व तिथि बंदी अवधि
मकर संक्रांति 15 जनवरी 12 से 15 जनवरी
पौष पूर्णिमा 25 जनवरी 22 से 25 जनवरी
मौनी अमावस्या 9 फरवरी 6 से 9 फरवरी
बसंत पंचमी 14 फरवरी 11 से 14 फरवरी
माघी पूर्णिमा 24 फरवरी 21 से 24 फरवरी
महाशिवरात्रि 8 मार्च 5 से 8 मार्च
ये भी पढ़ें- Good News: कार्डियोलॉजी संस्थान में बनेगा हार्ट ट्रांसप्लांट सेंटर, शासन से मिली इतने करोड़ रुपये की मंजूरी
