लखीमपुर खीरी: पीडब्ल्यूडी और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने किया 5.66 करोड़ की लागत से 59 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचारः प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी ने सदर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लागत 50.73 करोड़ के 43.535 किलोमीटर लंबाई के कुल 26 कार्यों का शिलान्यास और 14.93 करोड़ लागत के 48.990 किलोमीटर लंबाई के 33 कार्यों का निर्माण व मरम्मत कार्य का लोकार्पण किया। 

WhatsApp Image 2024-01-12 at 6.42.50 PM

एलआरपी चौराहे पर नवनिर्मित फ्लाईओवर के नीचे आयोजित हुए कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि क्षेत्र की बड़ी मांग एवं जनप्रतिनिधियों की पहल पर 26 कार्यों के शिलान्यास हो रहे है। बेलरायां-पनवारी मार्ग का वह भाग जिसमें रेलवे स्टेशन और संकटा देवी चौराहा आता है। इस 10 किलोमीटर मार्ग पर 38 करोड़ की लागत से चौड़ीकरण का कार्य किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह 38 करोड़ की लागत वाला बड़ा प्रोजेक्ट आसानी से नहीं मिला है, बल्कि आपके जनप्रतिनिधि, सांसद-विधायक दमदार हैं, जो बड़ी-बड़ी परियोजनाओं को अपने जिले में खींचने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि देश में पीएम मोदी और प्रदेश में सीएम योगी के नेतृत्व में जो कार्य कभी नहीं हुए, वह आज आपकी आंखों के सामने साकार होते दिख रहे हैं।

आगे भी बड़े-बड़े काम कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बड़ी कठिनाइयों का सबब रहा देवकली-अलीगंज मार्ग के चौड़ीकरण की स्वीकृति मिल गई है। सरकार जीरो टॉलरेंस पर काम कर रही हैं। अफसरो से कहूंगा यह समझ लीजिए। मोदी-योगी के स्पष्ट निर्देश है। ना गुणवत्ता से कोई समझौता होगा और समय सीमा पर पूरा काम होना चाहिए। 

इस दौरान पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन ने एक्सईएन को माइक पर बुलवाया और पूछा बेलराया-पनवारी मार्ग, जिसका शिलान्यास हो रहा है। उसकी टेंडर प्रक्रिया हो गई या नहीं। इसके जवाब में एक्सईएन ने बताया कि प्रोसेस में है, इस माह एग्रीमेंट हो जाएगा। मंत्री ने कहा कि जनता यह सब नहीं जानती बस काम शुरू करने की तारीख बताओ, तो एक्सईएन ने कहा कि 15 जनवरी 2024 से काम शुरू हो जाएगा।

वहीं देवकली-अलीगंज मार्ग पर 15 फरवरी 2024 तक कार्य शुरू करने की जानकारी दी। इस पर मंत्री ने चेताया कि काम एक दिन भी लेट शुरू न हो। पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि अधिकारी, कर्मचारी, ठेकेदार सब सुन ले, गुणवत्ता से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चेतावनी दी, यदि कमी पाई गई तो सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।

बड़े काम होने के साथ-साथ गांव की सड़के वर्ल्ड क्लास बनाकर देंगे, तब अपने आपको सफल मानेंगे। ठंड बीतने के बाद लोक निर्माण विभाग गांव-गांव की सड़के घरों तक के लिए बनाकर देगा। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से सदर विधायक योगेश वर्मा, धौरहरा विधायक विनोद शंकर अवस्थी, डीसीबी अध्यक्ष विनीत मनार, जिपं अध्यक्ष प्रतिनिधि नरेंद्र सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष कुलभूषण सिंह सहित पीडब्ल्यूडी विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहे।

मोदी - योगी के नेतृत्व में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित हुएः  केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र और सीएम योगी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास के नित नए कीर्तिमान स्थापित हुए हैं। इससे लोगों की ज़रूरतें भी पूरी हुई और उनके जीवन जीने की सुविधा भी बढ़ी है।

लोगों के जीवन में एक सकारात्मक परिवर्तन आया है। यह केवल ज़रूरतें पूरी करने तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था, व्यावहारिक विदेश नीति, रक्षानीति सब पर महत्वपूर्ण काम किया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 9.5 वर्षो के बाद विकसित भारत संकल्प यात्रा पूरे देश में शुरू हुई। हम हर गांव-शहर में जा रहे। जहां लोगों के अनुभव को सुनने को मिल रहा, जो हमको संतोष और आनंद देता है।

लोगों का विश्वास और भरोसा केंद्र और प्रदेश सरकार के प्रति बढ़ा है। देश में अच्छा वातावरण है। पीएम के नेतृत्व में जहां एक ओर देश सम्मानित राष्ट्र बना, वही विकसित राष्ट्र के लक्ष्य को प्राप्त करने को निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने लोगों से पूछा कि आज गांव में लोग बिजली का हफ्ता पूछते हैं क्या? कि बिजली दिन के हफ्ते की है या रात के हफ्ते की।

बाजार में कहीं लालटेन मिलती है क्या। कोविड कालखंड में भारत ने वैक्सीन बनाई। महज 09 माह के भीतर 200 करोड़ से ज्यादा वैक्सीनेशन करके कोविड को नियंत्रित किया। उन्होंने जिले को कई सौगाते देने के लिए पीडब्ल्यूडी मंत्री को साधुवाद और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका जज्बा बरकरार रहे।

उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र लखीमपुर में बेलरायां-पनवारी मार्ग (राज्य मार्ग संख्या-21) के चैनेज 47.000 से 56.350 में 7.000 मीटर से 10.000 मीटर अर्थात टू लेन पेव्ड शोल्डर के साथ चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य, लंबाई 9.350 किमी एवं लागत 37.80 करोड़ की स्वीकृति चार अक्टूबर 2023 को प्रदान की गई। मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण होने पर करीब 3.50 लाख की आबादी लाभान्वित होगी एवं जिला व तहसील मुख्यालय से सुगम कनेक्टिविटी होने एवं आवागमन जामरहित हो जाएगा। 

फ्लाईओवर से निकलते रहे वाहन और नीचे होता रहा लोकार्पण कार्यक्रम: पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर तीन फ्लाईओवर बनाए जाने के बाद पहली बार शुक्रवार को एलआरपी चौराहा पर बने फ्लाईओवर के नीचे लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम कराया गया, जो लोगों को रोमांचित करने वाला अनुभव रहा।

क्योंकि हाईवे पर फ्लाईओवर के नीचे इस तरह के कार्यक्रम जनपद में पहले कभी नहीं हुए। बताते चलें कि एलआरपी चौराहे के अलावा छाउछ व राजापुर चौराहे पर भी फ्लाईओवर बनाए गए हैं। इससे भविष्य में भी फ्लाईओवर के नीचे कार्यक्रम कराने के लिए अच्छे-खासे मैदान की व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सकती है। हालांकि फ्लाईओवर के नीचे खाली पड़ी भूमि को अतिक्रमणकारियों से बचाने की चुनौती को देखते हुए पीडब्ल्यूडी एनएच ने सौंदर्यीकरण कराने का प्रस्ताव शासन के पास भेजा है। 

ये भी पढ़ें - लखीमपुर खीरी: परिवार नियोजन के मूल मंत्रों को अपनाने में महिलाएं आगे, बढ़ रही लाभार्थियों की संख्या

संबंधित समाचार