मुरादाबाद : बुध बाजार में नोकझोंक के बीच ध्वस्त कराया अतिक्रमण
नगर निगम व स्मार्ट सिटी मिशन की टीम से लोगों की नोकझोंक, रेट्रोफिटिंग कार्य में बाधक बन रहे निर्माण को भी टीम ने हटवाया
मुरादाबाद, अमृत विचार। नगर निगम व स्मार्ट सिटी मिशन की टीम ने शुक्रवार को बुध बाजार क्षेत्र में अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया। प्रेम चुनरिया प्रतिष्ठान के अतिक्रमण के दायरे में रहे निर्माण को ध्वस्त कराया। अभियान के दौरान टीम से लोगों ने नोकझोंक भी की, लेकिन टीम के तेवर देखकर स्वयं अतिक्रमण हटाने की मोहलत मांगी। जिस पर रविवार तक समय देकर टीम ने अन्य जगहों से अतिक्रमण हटाया।

अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में नगर निगम व स्मार्ट सिटी मिशन की टीम जेसीबी व प्रवर्तन दल के सदस्यों के साथ बुध बाजार पहुंची। यहां पर स्मार्ट सिटी मिशन के पुराने बाजारों के जीर्णोद्धार (रेट्रोफिटिंग आफ ओल्ड मार्केट एरिया) कार्य में बाधक बने अतिक्रमण को हटाया। बुध बाजार में सतीश अरोड़ा की फर्म प्रेम चुनरिया बैंक्वेट हाल, होटल आदि के अतिक्रमण दायरे में आए निर्माण को तोड़ना शुरू किया। इस पर दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध जताकर टीम से नोकझोंक की। टीम ने सरकारी कार्य में बाधा न डालने की चेतावनी दी।

टीम के सख्त तेवर देखकर दूसरे पक्ष के लोग पीछे हटे। इसके बाद जेसीबी से निर्माण गिराने लगे तो दूसरे पक्ष ने मोहलत लेकर खुद अतिक्रमण तोड़ने की बात कही। जिस पर अपर नगर आयुक्त ने रविवार तक का समय दिया है। कहा कि यदि इस समय तक अतिक्रमण नहीं हटा तो सोमवार को नगर निगम की टीम अतिक्रमण ध्वस्त करा देगी। टीम ने अन्य जगहों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान भारी पुलिस बल व नगर निगम के प्रवर्तन दल के सदस्यों ने मोर्चा संभाला।

अपर नगर आयुक्त ने बताया कि प्रेम चुनरिया की ओर से किए गए अतिक्रमण को काफी पहले चिह्नित किया गया था। लेकिन मामला न्यायालय में स्टे के चलते कार्रवाई रोकी गई थी। अब न्यायालय से स्टे हट गया है। जिसके बाद नगर आयुक्त के निर्देश पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। दूसरे पक्ष के मोहलत मांगने पर रविवार तक का समय दिया है। यदि इस अवधि में उन्होंने अतिक्रमण नहीं हटाया तो सोमवार को फिर नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाएगी। कार्रवाई के दौरान स्मार्ट सिटी मिशन के मुख्य अभियंता अनिल कुमार मित्तल, नगर निगम के सहायक अभियंता रईस अहमद, नगर निगम के प्रवर्तन दल के प्रभारी कर्नल एसके शाही सहित प्रवर्तन दल के सदस्य व स्थानीय पुलिस टीम मौजूद रही।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : आंगनबाड़ी केंद्रों का कायाकल्प कर बर्तनों की उपलब्धता सुनिश्चित करें अधिकारी
