गोवा बच्चा हत्या मामला : आरोपी सीईओ का पति बयान दर्ज कराने पहुंचा थाने, कलंगुट पुलिस के सामने हुआ पेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पणजी। चार साल के बेटे की हत्या की आरोपी व एआई-आधारित एक स्टार्टअप कंपनी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सूचना सेठ का पति शनिवार को जांच के हिस्से के तौर पर गोवा में कलंगुट पुलिस के समक्ष पेश हुआ। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। सूचना सेठ अपने पति से अलग रह रही थी।

पुलिस के अनुसार सेठ ने उत्तरी गोवा के कैंडोलिम में एक सर्विस अपार्टमेंट में अपने बेटे की कथित तौर पर गला घोटकर हत्या की, उसका शव एक बैग में रखा और बेंगलुरु वापस जाने के लिए टैक्सी ली लेकिन उसे आठ जनवरी को कर्नाटक के चित्रदुर्ग में बीच रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारी ने कहा, ‘‘आरोपी का पति वेंकट रमन दोपहर को बेंगलुरु से यहां आया और कलंगुट पुलिस थाने पहुंचा। हम जांच के तौर पर मामले में उसका बयान दर्ज करेंगे।’’ हत्या के वक्त रमन इंडोनेशिया के जकार्ता में था। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार महिला ने अपनी कलाई काटकर आत्महत्या की कोशिश करने से पहले अपने बेटे की गला घोटकर हत्या कर दी।

ये भी पढ़ें - तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी मणिपुर में राहुल गांधी की 'न्याय यात्रा' में होंगे शामिल 

संबंधित समाचार