बदायूं: ऑनलाइन सिस्टम विकसित होने पर भूखंड किए जाएंगे नीलाम, लगेंगे उद्योग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं,अमृत विचार : औद्योगिक क्षेत्र सलारपुर में फैक्ट्री लगाने के बाद कर्ज नहीं चुका पाने के कारण कई भूखंड यूपीएफसी के कब्जे में चले गए। इन भूखंडों पर अब नए सिरे से फैक्ट्री लगाने के लिए कवायद चल रही है। ऑन लाइन सिस्टम विकसित होने पर इन भूखंडों का आबंटन किया जाएगा और यहां पर एक बार फिर उद्योग स्थापित किए जाएंगे।

जिला मुख्यालय से सटे आंवला रोड स्थित सलारपुर को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में करीब 40 साल पहले विकसित किया गया था। 1982 में यहां पर बाहर के उद्योग पतियों ने कई उद्योग लगाए जिनमे सबसे बड़ कपड़ा मिल लगाया गया था। इस कपड़ा मिल का तत्कालीन कपड़ा मंत्री ने उदघाटन किया था। इसके साथ ही अन्य कई बड़े कारखाने खोले गए थे। इनमें सैकड़ों लोग काम करते थे।

इन उद्योगपतियों ने यूपीएफसी से ऋण लेकर इकाइयां लगाई थीं। कुछ समय तक फैक्ट्रियां चलीं मगर बाद में इन फैक्ट्री मालिकों द्वारा ऋण अदा नहीं किया। धीरे धीरे फैक्ट्री मालिकों ने अपना सामान समेट कर मैदान खाली कर दिया। यहां से फैक्टियां हट जाने के बाद लगभग दर्जन भर से अधिक भूखंड खाली हो गये। जो आज भी खाली पड़े हैं। सलारपुर में अब कुछ ही छोटे मोटे उद्योग चल रहे हैं। बड़े उद्योग एक भी नहीं हैं।

शासन स्तर से यहां पर फिर से उद्योग लगाने की कवायद शुरू कर दी गयी है। लेकिन जगह नहीं मिलने के कारण बड़े उद्योगपति यहां नहीं आना चाह रहे हैं। इसलिए अब उपायुक्त उद्योग अशोक कुमार ने फिर से यूपीएफसी से बात करनी शुरू कर दी है।

अशोक कुमार ने बताया कि ऑनलाइन सिस्टम चालू हो जाने पर इन भूखंडों की नीलामी करने को यपीएफसी तैयार हो गया है। ऑनलाइन ही इनकी नीलामी की जाएगी। जो भी पैसा आएगा उसे यूपीएफसी का कर्ज अदा किया जाएगा और फिर यहां पर भूखंडों को नीलाम कर उस जगह पर उद्योग लगाए जाएंगे।  

सलारपुर में करीब आठ बड़े भूखंड हैं ।जो यूपीएफसी के कब्जे में हैं। इन भूखंडों की नीलामी यूपीएफसी ही करेगा। उसका पैसा पूरा होने पर सभी भूखंड कब्जा मुक्त हो जाएंगे और वहां पर एक बार फिर नए उद्योग लगाने का रास्ता साफ हो जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन सिस्टम शुरू होने का इंतजार किया जा रहा है।- अशोक कुमार उपाध्याय- उपायुक्त उद्योग

ये भी पढ़ें - बदायूं: माध्यमिक और बेसिक स्कूलों में 14 से 21 तक चलाया जाएगा स्वच्छता अभियान

संबंधित समाचार