लखनऊ : लोहिया संस्थान में कर्मचारियों ने बैठक कर भरी हुंकार, कहा- नहीं बढ़ा वेतन तो होगा आंदोलन
लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी के गोमती नगर स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का 2015 के बाद से वेतन नहीं बढ़ा है, जबकि महंगाई लगातार बढ़ रही है। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद भी वेतन बढ़ोतरी की प्रक्रिया शासन में लगभग एक साल से लंबित है। जिसके कारण कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ रहा है। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने आंदोलन का मन बनाया है। इसके लिए आज डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले जुटे कर्मचारियों ने चर्चा की है और आगे की रणनीति बनाई है। इस बैठक में कर्मचारियों ने वेतन बढ़ोतरी के लिए कमेटी की रिपोर्ट का शासनादेश जारी करने की मांग रखी है।
दरअसल, अल्प वेतन होने के कारण कर्मचारियों के सब्र का बांध टूटता जा रहा है। संविदा कर्मचारी संघ के महामंत्री सच्चिता नन्द मिश्र ने कहा कि कई बार उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर, प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा को इस संबंध में पत्र दिया जा चुका है। इतना ही नहीं उपमुख्यमंत्री से मिलकर कर्मचारी गुहार लगा चुके हैं लेकिन अभी तक शासनादेश जारी नहीं हुआ। बैठक में पदाधिकारियों ने संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष जो कमेटी महानिदेशक की अध्यक्षता में बनाई थी, रिपोर्ट शासन चली गई, लेकिन शासनादेश जारी नही हुआ। जब तक शासनादेश जारी नहीं होता है तब तक हम लोग रुकेंगे नही। अगर इस माह वेतन बढ़ोतरी का आदेश जारी नहीं होता है तो अगले माह से चरणबद्ध आंदोलन की तिथि निर्धारित कर ली जाएगी क्योंकि कर्मचारी अब इतने कम वेतन पर कार्य नहीं कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2021 में भी वेतन कमेटी गठित किया, शासनादेश जारी होने के बाद भी केवल केजीएमयू और एसजीपीजीआई में वेतन बढ़ोतरी हुई। वहीं लोहिया संस्थान में वेतन बढ़ोतरी नहीं किया गया। ऐसे में कर्मचारी कब तक चुप रहेंगे। संविदा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विकास तिवारी ने कहा कि अब आंदोलन ही एक विकल्प है क्योंकि सभी मंत्रियों का दरवाजा खटखटाया जा चुका है । कार्यवाहक अध्यक्ष रणजीत सिंह यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जब से बनी है वेतन नहीं बढ़ा कमेटी बनने से एक उम्मीद जगी है, इससे हजारों कर्मचारियों को लाभ होगा। इस दौरान कर्मचारियों ने देर से वेतन मिलने का मुद्दा भी उठाया।
यह भी पढ़ें : लखनऊ में कहीं पर किसी भी समय आसमान से उतर सकती है Indian Army, पराक्रम दिखाने वाले वीर जवान सम्मानित
