बरेली: रिटायर्ड पुलिसकर्मी के बेटे ने चीता पुलिस की बाइक में टक्कर मारकर की तोड़फोड़, विरोध करने पर गाली-गलौज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

 सेवानिवृत्त मुख्य आरक्षी के बेटे और परिजनों ने थाने में भी किया हंगामा

सीबीगंज, अमृत विचार: सीबीगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात गश्त के दौरान चीता मोबाइल पुलिस की बाइक में गलत दिशा से बाइक पर आ रहे सेवानिवृत्त मुख्य आरक्षी के बेटे ने टक्कर मार दी। पुलिसकर्मियों के विरोध करने पर बाइक सवार ने गाली-गलौज की और बाइक में तोड़फोड़ की। उसने अपने परिजनों और साथियों के थाने में हंगामा किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों से धक्कामुक्की और वर्दी फाड़ने की भी कोशिश की। पुलिस ने सिपाही की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

सीबीगंज थाने में चीता मोबाइल पर तैनात सिपाही विपिन कुमार ने बताया कि वह के पास शुक्रवार रात करीब नौ बजे अपने हमराह होमगार्ड जगदीश को साथ लेकर गश्त पर निकले थे। रास्ते में गलत दिशा से आ रहे रिटायर्ड पुलिसकर्मी श्याम सरन शुक्ला के बेटे आशीष शुक्ला निवासी पस्तौर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। वह शराब के नशे में था। 

विरोध करने पर उसकी मां आशा देवी, बहन दीक्षा, भाई आर्यन और साथी मनोज पाल आ गए और गाली गलौज करते हुए बाइक में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसी दौरान थाना गेट पर आरोपियों ने होमगार्ड सूर्या की बाइक में भी टक्कर मारकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया और हंगामा काटना शुरु कर दिया। वहीं पुलिस के साथ धक्कामुक्की करते हुए वर्दी फाड़ने और वीडियो बना रहीं महिला सिपाहियों के मोबाइल छीनने की कोशिश की। 

इसके बाद वहां से बाइक पर बैठकर भाग गए। पुलिस ने एक आरोपी मनोज पाल को हिरासत में लिया और उसका मेडिकल कराकर शांतिभंग में चालान किया। सिपाही की तहरीर पर पुलिस ने आशीष शुक्ला, दीक्षा शुक्ला, आर्यन शुक्ला, आशा शुक्ला और मनोज पाल निवासी पस्तौर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

यह भी पढ़ें- बरेली: लोहड़ी के जश्न में डूबे लोग, भांगड़ा और गिद्दा कर मनाईं खुशियां

संबंधित समाचार