बरेली: लोहड़ी के जश्न में डूबे लोग, भांगड़ा और गिद्दा कर मनाईं खुशियां
बरेली, अमृत विचार: शहर में शनिवार को लोहड़ी पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान पारंपरिक गीत कुड़ियां दी लोहड़ी, जश्न मना लो आदि गीत गूंजते रहे। पंजाबी समुदाय के लोग देर रात तक भांगड़ा और गिद्दा कर खुशियां मनाते रहे।
राजेंद्र नगर स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में लोग एकत्र हुए और लाेहड़ी प्रज्जवलित कर मक्का रेवड़ी, मूंगफली डालकर ईश्वर से खुशहाली और शांति की कामना की। पवन अरोड़ा, राजीव रहेजा, राजन कपूर, विशल कपूर, एनके सिंह आदि मौजूद रहे।।
मॉडल टाउन स्थित श्रीहरि मंदिर और नीलकंठ मंदिर में भी कार्यक्रम हुआ। लोगों ने अरदास कर लोहड़ी प्रज्जवलित कर परिक्रमा की और प्रसाद वितरित किया। इस दौरान तू एक नगीना है.., बिगड़ी बना देगी चरण रज आदि भजनों की प्रस्तुति पर लोग थिरकते रहे। मंदिर समिति अध्यक्ष सतीश खट्टर, सुशील कुमार, सचिव रवि छाबड़ा, संजय आनंद, रेनू छाबड़ा, कंचन अरोड़ा, नेहा आनंद, नीलम लुनियाल आदि उपस्थित रहे।
इन स्थानों पर भी दिखी लोहड़ी की धूम
प्रेम नगर स्थित अशोका सोसाइटी में लोहड़ी की धूम रही। सुभाष नगर, जनकपुरी और मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारों में श्रद्धालुओं ने सुख, शांति की कामना कर अरदास की। गुरुद्वारों में लोहड़ी का पर्व मनाया गया। इस मौके पर घरों में भी लोगों ने लोहड़ी जला कर पर्व मनाया।
गुरु नानक दरबार सिंधु नगर में भी लोहड़ी का उल्लास दिखा। महिलाओं ने लोहड़ी के सात फेरे लेकर नृत्य किया। बच्चों में उत्साह दिखा। भावना केमलानी, मुस्कान मोटवानी, विद्या, काजल देवनानी, ज्योति अरोड़ा पायल टिकियानी, देवीदास, वीरेंद्र कुमार, लेखराज मोटवानी, राजकुमार लोंगवानी, स्नेहा देवरानी, जूही चावलानी, बिंदु मोटवानी आदि मौजूद रहे। देर रात तक शहर में तमाम स्थानों पर लोहड़ी का जश्न चलता रहा। लोग एक दूसरे को लोहड़ी की बधाई देते रहे।
इस साल जन्मी बेटियों के लिए खास रही लोहड़ी
परंपरा के अनुसार इस दिन जिन परिवारों में बेटियों का जन्म हुआ है, उन परिवारों ने धूमधाम से लोहड़ी मनाई। दर्शन लाल भाटिया के परिवार में इस साल दोगुनी खुशी के साथ यह पर्व मनाया गया। बेटे सुधांशु और बहू आयुषी की शादी और नातिन अनिका के जन्म की पहली लोहड़ी रही।
राजेंद्र नगर निवासी सुमित अरोड़ा और रोजी की बेटी के जन्म के बाद इस बार पहली लोहड़ी धूमधाम से मनाई गई। पूरे परिवार के सदस्यों में गजब का उत्साह दिख रहा था। दिन में पूजा अर्चना कर रात को गीत संगीत के साथ लोहड़ी का जश्न मनाया गया।
यह भी पढ़ें- बरेली: नमो एप के जरिये मिलेगी सभी योजनाओं की जानकारी, वन मंत्री ने छात्रों को कराया App इंस्टॉल
