बरेली: PM मोदी के आह्वान पर विशेष स्वच्छता अभियान शुरू, SSP ऑफिस में पुलिसकर्मियों ने की सफाई
बरेली, अमृत विचार। अयोध्या में आगामी 22 जनवरी को होने वाले भगवान रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले पीएम मोदी के आह्वान पर आज से देश में सभी सरकारी दफ्तरों, धार्मिक स्थलों समेत अन्य सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान शुरू हो गया है।

इस क्रम में बरेली के एसएसपी कार्यालय में भी आज सुबह स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान, एसपी क्राइम मुकेश प्रताप सिंह समेत तमाम पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों ने इस सफाई अभियान में हिस्सा लिया।

इस दौरान एसएसपी कार्यालय परिसर में जहां-तहां लगे मिट्टी-कूड़े के ढेर को पुलिसकर्मियों ने एक ट्रॉली में भरकर फेंकवाया। इसके साथ ही कार्यालय परिसर को साफ-सुधरा किया। इस मौके पर एसएसपी कार्यालय में तैनात सभी पुलिसकर्मियों ने एक साथ मिलकर गंदगी को साफ किया।

आपको बता दें कि अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर पीएम मोदी की तरफ से देश की जनता से अपील की गई है, कि देशवासी श्रीराम मंदिर के उद्घाटन में आने के बजाय, 14 से लेकर 22 जनवरी तक अपने-अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठान, धार्मिक स्थलों और कार्यालयों के अलावा सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाएं। जबकि 22 जनवरी के बाद ही अयोध्या में दर्शन पूजन के लिए पधारें। वहीं पीएम मोदी के आह्लान के बाद आज से देश में स्वच्छता अभियान शुरू हो गया है।
ये भी पढ़ें- बरेली: विवादित ढांचा गिराने के बाद जल उठा था शहर, जामा मस्जिद की दीवार पर आज भी गोलियों के निशान
