बहराइच: श्री राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान में शामिल होंगे राजदेव सिंह, आंदोलन के समय 18 दिन रहे थे जेल में
आरएसएस के प्रांत सम्पर्क प्रमुख ने दिया आमंत्रण पत्र
कैसरगंज, बहराइच, अमृत विचार। अयोध्या मे श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान में विश्व हिंदू परिषद मे अवध प्रांत के कार्याध्यक्ष राजदेव सिंह भी शामिल होंगे। श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट की ओर से राजदेव सिंह का विशेष बुलावा आया है। रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सम्पर्क प्रमुख गंगा सिंह व विभाग प्रचारक डा. अवधेश व विभाग सेवा प्रमुख रणंजय सिंह ने राजदेव सिंह को अपने हाथो से श्री राम जन्म भूमि प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आमंत्रण कार्ड सौपा।
आमंत्रण मिलने से अभीभूत राजदेव सिंह ने कहा कि यह सब प्रभु श्री राम की असीम कृपा और आप सभी के आशीर्वाद का परिणाम है। मेरे लिए बड़े ही सौभाग्य की बात है कि इस पावन अवसर पर इस समारोह में प्रतिभाग करके दुनिया भर से आए हुए महापुरुषों का दर्शन कर सकूंगा तथा श्री राम के बाल स्वरूप का भी अर्चन, पूजन व दर्शन का सौभाग्य मिलेगा। राजदेव सिंह वर्ष 1980 में संघ के स्वयंसेवक बने तथा श्री राम जन्मभूमि आंदोलन के समय 18 दिन जेल में रहे।
उन्होंने हिंदू युवा वाहिनी में जिलाध्यक्ष से लेकर प्रदेश उपाध्यक्ष तक जिम्मेदारी का निर्वाहन किया है। सिंह आरएसएस मे खंड कार्यवाह व तहसील कार्यवाह की भी जिम्मेदारी का निर्वहन किया। श्री सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में व विश्व हिंदू परिषद में प्रांत कार्याध्यक्ष के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। इसी के नाते उन्हें अयोध्या जाने का अवसर मिल रहा है। सिंह द्वारा टिकोरा मोड़ पर अंग्रेजी माध्यम का गुरुकुल विद्यालय भी संचालित किया जा रहा है।

यह भी पढे़ं: video: लखनऊ में मानवता हुई शर्मसार!, सिविल अस्पताल के पास सुरक्षाकर्मी ने डंडा लेकर गरीब मजदूर को दौड़ाया!, हड़कंप
