Chitrakoot News: 'इंजॉय' करने के चक्कर में ले ली महिला की जान, बरगढ़ हत्याकांड का खुलासा... छह गिरफ्तार...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरगढ़ हत्याकांड में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

बरगढ़ हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हत्या में शामिल छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

चित्रकूट, अमृत विचार। बरगढ़ थाने के कोलमजरा गांव में महिला की हत्या के मामले का स्पेशल वेपन एंड टैक्टिस (स्वाट) और पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने इसमें छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि 'इंज्वाय' करने के चक्कर में इन लोगों ने अनुसूचित जाति की महिला की जान ले ली।   

10 जनवरी को कोल मजरा में एक महिला का शव बरामद हुआ था। इसका शव देखने से ऐसा लगता था कि सिर पर बुरी तरह से वारकर हत्या की गई है। गांव के चौकीदार जोखई की तहरीर पर थाना बरगढ़ में अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। एसपी, डीआईजी और अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षेत्राधिकारी मऊ व प्रभारी निरीक्षक बरगढ़ को जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे। 

एसपी ने बरगढ़ पुलिस व स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त टीम का गठन किया था। बाद में महिला की पहचान बरगढ़ निवासी एक महिला के रूप में हुई थी। एसपी ने बताया कि आरोपियों में से एक प्रिंस तिवारी ने बताया कि छह जनवरी को उसकी मौसी के पुत्र दिलीप ने भाई रामअभिलाष उर्फ गुड्डू के मोबाइल पर कहा कि वे लोग इन्जॉय करना चाहते हैं। क्या कोई व्यवस्था है। 

इस पर गुड्डू ने सकारात्मक जवाब दिया। दिलीप ने किराये की गाड़ी बुक की और अपने साथ पंकज, चारु, देवेंद्र उर्फ स्टे को लेकर लालता रोड पहुंचा। यहां सबने शराब पी। इसके बाद ये लोग बरगढ़ के अशोक चौराहे पहुंचे और महिला को साथ लेकर कोलमजरा में एक मकान की बाउंड्री वाल के पीछे बैठ गए। 

पुलिस के अनुसार, वहां भी सबने महिला के साथ शराब पी। बाद में महिला की हत्या कर दी गई। लगभग दो दिन बाद महिला का सिर कुचला शव बरामद हुआ था। एसपी ने बताया कि मृतका के अनुसूचित जाति की होने व आरोपियों के सामान्य जाति के होने तथा एक राय से हत्या कर शव को छिपा देने पर रिपोर्ट में कई धाराओं की बढ़ोत्तरी की गई। 

एसपी ने बताया कि अगर महिला का मोबाइल न मिला तो आरोपियों के मामले में एक और धारा जोड़ी जाएगी। एसपी ने बताया कि महिला के नाखून और कई अन्य जरूरी चीजें सुरक्षित रख ली गई हैं। जांच और विवेचना के आधार पर साबित होने पर ही दुराचार या अन्य धाराएं जोड़ी जाएंगी।  

मोबाइल को लेकर हुई मुहांचाही

एसपी ने बताया कि इसी दौरान महिला के मोबाइल पर कई बार घंटी बजने पर आक्रोशित मुख्य आरोपी गुड्डू ने उसका स्विच आफ कर दिया और कहीं फेंक दिया। इस पर नशे में चूर दोनों के बीच विवाद होने लगा। झगड़ा बढ़ता देखकर अन्य आरोपी वहां से चले गए, जबकि गुड्डू व महिला वहीं रह गए। पुलिस को प्रिंस ने बताया कि वे लोग बरगढ़ मोड़ पहुंचे ही थे कि गुड्डू ने मोबाइल पर फोन कर बताया कि उसने महिला की पत्थर मारकर हत्या कर दी है।

बदनामी के डर से मार डाला

एसपी ने बताया कि जब महिला ने गुड्डू से कहा कि वह उसकी रिपोर्ट दर्ज कराएगी और उसे बदनाम कर देगी। दबाव बनाने के लिए उसने अपना सिर भी दीवार पर मारा। यह देखकर गुड्डू डर गया और बदनामी के डर से पत्थर उठाकर महिला के सिर पर मार दिया। बताया कि जिस पत्थर से महिला की हत्या की गई थी, वह बाद में पास से बरामद हो गया।

मोबाइल का सीडीआर निकाला गया

एसपी ने बताया कि पुलिस ने मृतका के मोबाइल नंबर का काल डिटेल रिकार्ड निकलवाया और अंतिम समय में हुई बातचीत के आधार पर 13 जनवरी को आरोपी प्रिंस तिवारी पुत्र अंबिका प्रसाद तिवारी निवासी हटवा थाना मऊ को मऊ-खंडेहा रोड से गिरफ्तार किया। इसके बताने के आधार पर पांच अन्य आरोपियों रामअभिलाष उर्फ गुड्डू तिवारी,  दिलीप पांडेय,  देवेंद्र सिंह,  चारु और  पंकज यादव को मुर्का बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से पांच मोबाइल और 4090  रुपये बरामद हुए। 

इनको किया गया गिरफ्तार

- रामअभिलाष उर्फ गुड्डू पुत्र अंबिका प्रसाद तिवारी निवासी हटवा थाना मऊ 

-प्रिंस तिवारी पुत्र अंबिका प्रसाद तिवारी निवासी हटवा थाना मऊ

- दिलीप पांडेय पुत्र अशोक पांडेय निवासी बेलरी थाना रैपुरा

- देवेन्द्र सिंह उर्फ स्टे पुत्र सुशील सिंह निवासी सोनेपुर थाना कोतवाली कर्वी

-चारु पुत्र राजेंद्र प्रसाद निवासी सोनेपुर थाना कोतवाली कर्वी 

-पंकज यादव पुत्र भगवानदीन यादव निवासी बेलरी थाना रैपुरा

यह भी पढ़ें- Kanpur News: गुड़ खिलाया, पानी पिलाया और सुना दर्द... महिला पुलिसकर्मियों ने सुनी फरियादियों की समस्याएं...

संबंधित समाचार