Chitrakoot : भरतकूप से निकलेगी चरणपादुका यात्रा, कई जिलों से होते हुए अयोध्या पहुंचेगी, प्रशासन ने किए कड़े इंतजाम...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट से निकलकर चरणपादुका यात्रा अयोध्या पहुंचेगी।

चित्रकूट के भरतकूप से मकर संक्रांति के अवसर पर सोमवार को भगवान श्रीराम की चरणपादुका यात्रा निकलेगी। यह 19 जनवरी को अयोध्या पहुंचेगी।

चित्रकूट, अमृत विचार। भरतकूप से मकर संक्रांति के अवसर पर सोमवार को भगवान श्रीराम की चरणपादुका यात्रा निकलेगी। यह 19 जनवरी को अयोध्या पहुंचेगी। यात्रा को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। बीते दिनों पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी यात्रा के मार्गों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मौका मुआयना भी कर चुके हैं।

यात्रा की सफलता को लेकर शुक्रवार को अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन भानु भास्कर, पुलिस उप महानिरीक्षक अजय कुमार सिंह ने भी एसपी अरुण कुमार सिंह ने भरतकूप मंदिर, रामशैया-खोही तिराहा, निर्मोही अखाड़ा परिसर आदि में अधीनस्थों को सुरक्षा पर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने भी कई जगहों का मुआयना कर दिशानिर्देश दिए हैं। 

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, यात्रा में शामिल श्रद्धालु मकर संक्रांति पर 15 जनवरी को भरतकूप से पवित्र जल लेकर रवाना होंगे। यह रात्रि विश्राम तीर्थक्षेत्र में करेगी। रामायण मेला परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसमें भजनगायिका तृप्ति शाक्या की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। 16 जनवरी को यात्रा तुलसीतीर्थ राजापुर पहुंचेगी और वहां से कौशांबी को रवाना होगी। 

प्रयागराज, श्रृंगवेरपुर, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर और नंदीग्राम होते हुए यात्रा 19 जनवरी को अयोध्या पहुंचेगी। राजापुर में भी यात्रा के पहुंचने पर कई कार्यक्रमों का आयोजन होगा। कस्बे के द्वादश शिवलिंग, तुलसी जन्मकुटीर, राधाकृष्ण मंदिर, हनुमान मंदिर, ऐतिहासिक तुलसी स्मारक को साज सज्जा से सुसज्जित कराने के लिए राजस्व निरीक्षक सहित लेखपालों, नगर पंचायत कर्मचारियों तथा सामाजिक संगठन के लोगो को लगाया गया है।

यह भी पढ़ें- Kanpur: सिंदूर स्मृति एकल काव्य गोष्ठी संपन्न, 'आज नदी में पांव डुबोते याद हमें किरणों की आई' जैसे गीतों ने माहौल किया भावुक

संबंधित समाचार