Hair Transplant : गंजापन पुरुषों की बड़ी समस्या, डॉक्टर बोले- दवाओं से नहीं इस तकनीक से आयेंगे बाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। बालों का झड़ना और गंजेपन का शिकार हो जाना यह पुरुषों की बड़ी समस्या बनती जा रही है। आजकल तो कम उम्र के युवा भी गंजेपन का शिकार हो रहे हैं। 30 वर्ष की आयु में बालों का गिर जाना आत्मविश्वास पर गहरा असर डालता है। ऐसे में माइक्रो हेयर ट्रांसप्लांट गंजेपन की समस्या को दूर करने में कारगर साबित हो रहा है। यह जानकारी डॉ. वैभव खन्ना ने रविवार को गोमती नगर स्थित एक निजी होटल में आयोजित  वार्षिकोत्सव कार्यक्रम AICBACON-24 में दी। 

ऑल इण्डिया कॉस्मेटोलॉजिस्ट एंड ब्यूटीशियन एसोसिएशन की तरफ से आयोजित AICBACON-24 में बालों के स्वास्थ्य पर अपने विचार साझा करते हुये डॉ. वैभव खन्ना ने बताया कि बालों के गिरने से रोकने में डॉक्टर की सलाह पर दवाओं का उपयोग किया जा सकता है, लेकिन एक बार बाल गिर गये और गंजापन हो गया तो ऐसे में बाल उगाने में दवाओं की भूमिका न के बराबर होती है। गंजेपन की समस्या को केवल माइक्रो हेयर ट्रांसप्लांट से ही दूर किया जा सकता है। इस प्रक्रिया में 10 से 12 घंटे का समय लगता है। करीब एक से दो लाख के बीच में खर्च आता है। इसका दुष्प्रभाव भी न के बराबर होता है, लोगों को फायदा भी होता है। इसमें सिर के पीछे के बाल को निकालकर प्रत्यारोपित किया जाता है। यह बाल गंभीर बीमारी और संक्रमण के मामलों को छोड़कर गिरते भी नहीं हैं। ऐसे में माइक्रो हेयर ट्रांसप्लांट के जरिये गंजेपन की समस्या को दूर किया जा रहा है।

बालों को भी पोषण की जरूरत

प्लास्टिक सर्जन डॉ. एके सिंह ने बताया कि बाल सजीव होता है। इसे भी पोषण की जरूरत होती है। जिस तरह शरीर को पोषण की जरूरत होती है। ठीक उसी तरह बालों को भी पोषण देना चाहिए। कुछ बीमारियों में बाल झड़ते हैं। इसके अलावा उन्होंने बताया कि मधुमेह,हेपेटाइटिस, खून बहने की समस्या से जूझ रहे लोगों का हेयर ट्रांसप्लांट नहीं किया जाता है।

इस दौरान कार्यक्रम में आये विशेषज्ञों ने बताया कि एसिडिटी की समस्या होने पर भी बाल झड़ते हैं। इसके अलावा मानसिक तनाव भी बाल झड़ने का प्रमुख कारण है। कैल्शियम की कमी के कारण भी बाल झड़ते हैं।

कार्यक्रम में देश भर से आये करीब 50 विशेषज्ञों समेत 250 लोग शामिल हुये। इस अवसर पर AICBACON की Organizing Chairperson डॉ. रमा श्रीवास्तव, डॉ.दीप्ति जैन, डॉ.पूनम मिश्रा, डॉ.सुनीता चंद्रा, पद्मश्री प्रो.राजन सक्सेना, डॉ.ऋचा मिश्रा, हरीश भाटिया, ब्यूटी एक्सपर्ट साधना जग्गी, रश्मि मेहन समेत कई लोग उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें : लखनऊ : स्वास्थ्य और सौंदर्य पर नई जानकारियां और तकनीक साझा करने जुटेंगे कॉस्मेटोलॉजिस्ट एंड ब्यूटीशियन

संबंधित समाचार