यूपी: एक दिन में बुखार से पीड़ित मिले 10 हजार से ज्यादा लोग, विशेषज्ञों की जांच में सामने आया आंकड़ा
मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में पहुंचे 179593 पीड़ित, इलाज के साथ बतायी गई सावधानियां और बचाव के उपाय
अमृत विचार, लखनऊ: यूपी में रविवार को एक ही दिन में 10 हजार से ज्यादा लोग बुखार से पीड़ित मिले हैं। यह आंकड़ा विशेषज्ञों की जांच में सामने आया है। इन मरीजों को डॉक्टरों की टीम ने तत्काल इलाज देने के साथ गंभीर स्थिति वालों को बड़े अस्पतालों के लिए रेफर भी किया है। इसमें कुछ मरीज डेंगू और मलेरिया के भी पाए गए हैं।
समाज के मध्यम और अल्प आय वर्ग के लोगों को मुफ्त इलाज मुहैया कराने के लिए प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री आरोग्य मेले की शुरूआत 2020 में ही की थी। रविवार को इसका आयोजन सभी जिलों में किया गया। इसमें प्रदेश भर से 179593 लोग इलाज के लिए पहुंचे थे। इनकी जांच की गई तो 10141 लोग बुखार से पीड़ित मिले। बुखार का कारण पता करने के लिए इनका रैपिड टेस्ट किया गया तो 9 मरीज मलेरिया और 3 डेंगू से पीड़ित पाए गए। डॉक्टरों की टीम ने इन्हें तत्काल किसी बड़े अस्पताल में भर्ती होकर इलाज कराने की सलाह दी।
12 करोड़ से ज्यादा लोग ले चुके हैं सीएम की योजना का लाभ
स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ बृजेश राठौर ने बताया कि आरोग्य मेले में 76658 पुरुष, 73457 महिलायें और 29478 बच्चे शामिल रहे। 10141 लोग बुखार की समस्या लेकर इलाज के लिए पहुंचे थे। इन सभी मरीजों के 3245 रैपिड डायग्नोस्टिक टेस्ट किये गये । आरोग्य स्वास्थ्य मेले में 2756 कोविड एन्टीजन टेस्ट किये गये जिनमें एक भी मरीज कोरोना से पीड़ित नहीं मिला है। अब तक आयोजित कुल मेलों में 124816601 मरीजों को इलाज मिला है। डॉक्टरों ने मच्छरों से होने वाली बीमारीयों से बचने के लिये उपाय बताये हैं।
अभी तक आयोजित हो चुका है 131 आरोग्य मेला
प्रदेश सरकार की ओर से 2 फरवरी 2020 से इस आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन शुरू किया गया था। इसका तीन चरण गुजर चुका है। रविवार को चौथे चरण का 131वां मेला आयोजित किया गया था। इस मेले में 5147 चिकित्सक और 15160 पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद था। अब तक आयोजित कुल मेलों में 124816601 रोगी लाभान्वित हुये। 256606 गम्भीर रोगियों को बड़े अस्पतालों के लिए रेफर किया गया है। इसके अलावा 1632840 गोल्डेन कार्ड बने हैं।
यह भी पढ़ें : Hair Transplant : गंजापन पुरुषों की बड़ी समस्या, डॉक्टर बोले- दवाओं से नहीं इस तकनीक से आयेंगे बाल
