बदायूं: 30 करोड़ से होगी जिले के सभी तटबंधों की मरम्मत, शासन से मिली स्वीकृति
नौ प्वाइंटों पर होना है कार्य
बदायूं, अमृत विचार। बरसात के दिनों में गंगा में बढ़ने वाले पानी से तटबंधों को खतरा पैदा हो जाता है। जनपद में सभी तटबंधों की मरम्मत करने के लिए बाढ़ खंड ने शासन को करीब तीस करोड़ का प्रस्ताव भेजा था जो स्वीकृत कर लिया गया है। अब तीस करोड़ की धनराशि से जिले के सभी नौ प्वाइंटों पर काम किया जाएगा जिससे बाढ़ के समय किसी तरह का खतरा न रहे।
भौगोलिक दृष्टि से बदायूं जनपद का उसहैत उसावाँ और सहसवान इलाका निचले भाग में हैं। इन्हीं क्षेत्रों से होकर गंगा गुजरती है। पिछली बरसात में करीब दो महीने तक गंगा में लाखों क्यूसेक पानी हर दिन छोड़ा गया जिससे उसहैत इलाके में तटबंध टूटते से बचा। बाढ़ खंड की सक्रियता के चलते बांध की तीन बार मरम्मत की गयी। बांध को रोक पाना भी मुश्किल हो गया था। गंगा की तेज लहरों ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया था।
जिलाधिकारी एसडीएम सहित पूरा प्रशासन बांधों को लेकर चिंतित रहा। अधिकारी हर दिन इस इलाके का दौरा करते रहे। इसी तरह उसावा क्षेत्र का पथरामई बांध भी इस बार गंगा के पानी ने हिला कर रख दिया। इस बांध की भी बाढ़ के समय मरम्मत की गयी। दातागंज इलाके में हालांकि बाढ़ का कहर अधिक समय तक नहीं रहा। लेकिन खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने कई गांव खाली करा दिए थे। सहसवान इलाके में महावा नदी पर बना बांध खतरे की जद में आ गया था। अधिक समय तक पानी बढ़ते रहने से बांध को संभालना मुश्किल हो गया था। कछला का हुसैनपुर बांध भी खतरे में था। इस बांध पर डाले गए पत्थर भी बाढ़ में बह गए। जिससे अधिक समस्या पैदा हो गयी थी।
बाढ़ के बाद बाढ़ खंड ने सभी बांधों की मरम्मत के लिए शासन को करीब तीस करोड़ का प्रस्ताव भेजा था। इस प्रस्ताव को जनवरी के प्रथम सप्ताह में शासन से स्वीकृति मिल गयी। शासन से स्वीकृति मिल जाने के बाद अब उक्त धनराशि अवमुक्त कर दी जाएगी। उसके बाद सभी नौ प्वाइंटों पर मरम्मत का कार्य किया जाएगा। इसमें एंटी योजना कटाव योजना के तहत कार्य कराया जाएगा। इसमें पत्थर लगाया जाएगा। तटबंधों की मरम्मत के साथ ही कुछ ऐसे प्वाइंट हैं जहां से गंगा का पानी तेज गति से आगे बढ़ता है उन जगहों पर निरोधक कार्य कराया जाएगा।
जिले में चार बांधों सहित करीब नौ प्वाइंट ऐसे हैं जहां पर मरम्मत कार्य कराया जाना है। इसके लिए शासन से तीस करोड़ की धनराशि स्वीकृति हो गयी है। उक्त धनराशि मिलने के बाद मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। मार्च में सभी कार्य पूरे करा लिए जाएंगे। निरीक्षण के बाद यदि कहीं पर कमी मिलती है तो वहां पर कुछ और कार्य कराया जाएगा-नेशपाल - अवर अभियंता बाढ़ खंड।
ये भी पढ़ें- बदायूं: 29 जनवरी को होगी परीक्षा पे चर्चा, जिले के 70 हजार बच्चों ने कराया पंजीकरण
