Kanpur: संपत्ति में हिस्सा मांगने पर की गई थी वरुण की हत्या... मृतक की मां से थे अवैध संबंध, 10 लाख की मांग कर रही थी महिला
कानपुर में संपत्ति में हिस्सा मांगने पर वरुण की हत्या की गई थी।
कानपुर में संपत्ति में हिस्सा मांगने पर वरुण की हत्या की गई थी। हत्यारोपी की मृतक की मां से अवैध संबंध थे। पुलिस ने दो बाल आपचारियों को गिरफ्तार किया।
कानपुर, अमृत विचार। संपत्ति में हिस्सेदारी की मांग करने पर आदित्य उर्फ वरुण (12) की गला रेत कर हत्या की गई थी। घटना के मुख्य आरोपी अमित राजपूत उर्फ पंचू की आदित्य की मां ममता से अवैध संबंध थे।
ममता अमित की संपत्ति में 10 लाख रुपये देने की मांग कर रही थी। जिस पर अमित व उसकी पत्नी गुड़िया ने वरुण की हत्या करने की साजिश रची थी। अमित ने वरुण की हत्या की सुपारी उसके साथ के दो बाल आपचारियों को सौंपी थी।
बाल आपचारियों के इंकार करने पर अमित ने सनिगवां बंबा के पास वरुण के सीने में बैठ कर उसका गला रेता था। जिसके बाद बाल आपचारियों ने उसे बंबा में फेंक दिया था। सोमवार को एडीसीपी साउथ अंकिता शर्मा ने मामले का खुलासा किया।
स्वर्ण जयंती विहार निवासी आदित्य उर्फ वरुण (12) बिस्कुट लाने की बात कह कर चार जनवरी को घर से निकला था, जिसके बाद से लापता हो गया था। वरुण की मां ममता गुप्ता ने सेन पश्चिमपारा थाना में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 10 जनवरी को वरुण का शव सनिगवां बंबा में मिला था। पोस्टमार्टम में गला रेतने से मौत की पुष्टि हुई थी।
एडीसीपी अंकिता शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आसपास पूछताछ की तो पता चला पड़ोस में रहने वाले कबाड़ व बाइक रिपेयरिंग का काम करने वाले 15 व 12 वर्षीय दो किशोरों के साथ वरुण को आखिरी बार देखा गया था। रविवार को पुलिस ने दोनों किशोरों को पकड़ लिया।
पूछताछ में कबाड़ का काम करने वाले बाल आपचारी ने बताया कि गणेशपुर निवासी अमित राजपूत के घर आता जाता था। इस दौरान अमित की पत्नी गुड़िया ने बताया कि वरुण की मां जबरन अमित राजपूत को पति मानकर रहती है और वरुण के लिए 10 लाख रुपये व संपत्ति में हिस्सा देने की मांग कर रही है।
हिस्सा न देने फंसाने की धमकी देती है, जिससे अमित परेशान हैं। अगर वह वरुण को रास्ते से हटा दो तो मामला खत्म हो जाएगा। बताया कि वरुण की हत्या के लिए गुड़िया ने 10 हजार रुपये देने की बात भी कही थी।
अमित की बाइक से वरुण को ले गए थे बाल आपचारी
बाल आपचारियों ने बताया कि वह वरुण के साथ खेलते थे। वरुण की हत्या के लिए अमित ने बाल आपचारियों को अपनी बाइक दी थी। बाल आपचारी वरुण को बाइक से बिठूर ले जाकर हत्या करने की तैयारी में थे। वह कल्याणपुर पहुंचे ही थे तभी अमित के साले का बाल आपचारियों के पास फोन आया और उसने घटना को अंजाम देने से मना किया। इसके बाद वह वरुण को लेकर रामादेवी पहुंचे और उन्होंने अमित को फोन कर हत्या करने से मना कर दिया था।
ब्रेनवॉश करने के लिए गुड़िया ने बुलाया घर
बाल आपचारियों ने बताया कि हत्या से मना करने के बाद गुड़िया ने उनको अपने घर बुलाया। जिस पर एक बाल आपचारी गुड़िया के घर गणेशपुर गया, वहां गुड़िया ने सब्जी पूड़ी बना कर दी और ममता द्वारा काफी परेशान करने की बात कह कर वरुण की हत्या करने को कहा। बाल आपचारी पूड़ी सब्जी लेकर वापस रामादेवी आया और हत्या करने से मना कर दिया।
इसके बाद अमित ने वरुण को सनिगवां बंबा के पास लाने को कहा। बताया कि वह वरुण को लेकर बंबा के पास पहुंचे, जहां अमित उसके सीने पर बैठ गया और चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी। फिर दोनो बाल आपचारी 200 मीटर दूर बंबा में फेंक कर फरार हो गए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू आला कत्ल बरामद किया।
गुड़िया के मायके वालों पर भी हत्याकांड में शामिल
एडीसीपी अंकिता शर्मा ने बताया कि अमित की पत्नी गुड़िया ने हत्याकांड की रूपरेखा तैयार की, इसमें चौबेपुर निवासी उसके मायके वालों ने भी पूरा सहयोग किया। पुलिस ने चौबेपुर स्थित घर में दबिश डाली तो सभी आरोपी ताला लगा कर फरार हो गए।
ममता ने संबंधो के बारे में नहीं बताया
एडीसीपी अंकिता शर्मा ने बताया कि वरुण की मां ममता अपनी बेटी व बेटे का साथ अमित के भाई सुमित के घर पर रहती थी। ममता ने पुलिस को अपने व अमित के संबंधों के बारे में नहीं बताया। ममता की बेटी की मोबाइल की पुलिस ने जांच की, उसमें अमित का नंबर चाचा के नाम से सेव था। बेटी से अलग से पूछताछ करने पर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी हुई। ममता की बेटी से पूछताछ के बाद संबंधों का पता चला लेकिन तब तक अमित व गुड़िया फरार हो चुके थे।
कोलार्ज बना कर पति पर जताया था शक
एडीसीपी ने बताया कि वरुण के लापता होने पर उसकी मां को अपने पति मनोज पर शक था। वरुण की मां को आशंका था कि मनोज ने ही वरुण को गायब किया है। शक के आधार पर वरुण की मां मनोज व वरुण का कोलार्ज बना कर सोशल मीडिया पर वायरल किया था, जिसमें मनोज पर बेटे को अगवा करने का शक जाहिर किया गया था।
ये भी पढ़ें- मासूम का क्या कसूर: इतनी बेरहमी से गला रेतकर की नृशंस हत्या… बदहवास मां बोली- भगवान भी उसको माफ नहीं करेंगे
