संतकबीरनगर: श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के चलते मिट्टी के दीपकों की बढ़ी डिमांड, तीन लाख से अधिक दीयों का मिल चुका है आर्डर
संतकबीरनगर। आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के मद्देनजर दीपावली मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर जिले में रामोत्सव की भव्य तैयारियां की जा रही हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल जैसे हिन्दू संगठनों के साथ ही भारतीय जनता पार्टी भी इस अभियान को गति देने में जुटी है।
जनपद मुख्यालय के साथ ही गांव गिरांव के मंदिरों को भी सजाया संवारा जा रहा है। तमाम लोगों ने तो अपने घरों और दुकानों का भी रंग रोगन कराना शुरू कर दिया है। लोग 22 जनवरी की शाम भब्य दीपावली मनाने की तैयारियों में जुटे हैं। जिसके चलते मिट्टी के दीपकों की डिमांड एकाएक बढ़ गई है। कुम्हारों को अबतक लगभग तीन लाख दीपकों की डिमांड मिल चुकी है। खलीलाबाद तहसील क्षेत्र के बड़गों निवासी धनश्याम प्रजापति और राधे प्रजापति ने बताया कि 22 जनवरी के लिए दीपकों की भारी डिमांड आ रही है।
मौसम बेहद खराब हो रहा है। धूप निकल ही नहीं रही है। ऐसे में दीपकों को सुखाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम छितौनी निवासी रामकेश और बुद्धिराम ने बताया कि दीपकों को सुखाने के लिए बिजली के हीटर और लकड़ियों की आग का सहारा लेना पड़ रहा है। लेकिन भगवान श्रीराम के काम आने से हृदय को बड़ी प्रसन्नता है। उन्होंने बताया कि अभी तक जो डिमांड मिली है वह नगरों और कस्बों से ही मिली है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी दीपकों की भारी डिमांड आ रही है।
भजन मण्डलियों की भी है भारी डिमांड
14 से 22 जनवरी तक सभी मंदिरों पर धार्मिक अनुष्ठान और भजन कीर्तन की रुपरेखा बनाई गई है। लोगों ने विभिन्न तिथियों के लिए भजन गायकों को रिजर्व कर लिया है। भजन गायकों की सर्वाधिक डिमांड 22 जनवरी को है। जिन लोगों ने गायक बुक कर लिया है उन्हें तो सुकून है लेकिन जिन्होंने भजन गायक बुक करने में लापरवाही बरती उन्हें गायक ढ़ूंढने से भी नहीं मिल रहे हैं। खलीलाबाद के मशहूर भजन गायक गोरखनाथ मिश्र ने बताया कि 22 जनवरी के कार्यक्रम के लिए उनके पास पूर्वांचल के अलग-अलग जनपदों से दर्जनों लोग सम्पर्क करे चुके हैं। उनका कार्यक्रम खलीलाबाद में फाइनल हो चुका है ऐसे में अन्य लोगों को विनम्रता पूर्वक मना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें;-22 जनवरी को 12:20 बजे से 1:00 बजे तक होगी प्राण प्रतिष्ठा, बोले चंपत राय- 18 जनवरी को गर्भगृह में स्थापित होगी मूर्ति
