शाहजहांपुर: कोहरे के कारण कोलाघाट पुल पर पत्थरों से टकराईं बाइक, युवक की मौत, साथी घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर/कलान, अमृत विचार: घने कोहरे में कोलाघाट पुल पर पत्थरों से बाइक टकरा गई। जिससे बाइक पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमें से एक की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई, जबकि उसके साथी को गंभीर हालत में सैफई के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। घटना से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कलान कस्बे के मोहल्ला रामलीला मैदान के पास कॉलोनी में रहने वाले 22 वर्षीय विशाल कोरी अपने दोस्त कस्बे के ही मोहित गुप्ता के साथ किसी कार्य से रविवार को दिन में जलालाबाद गए हुए थे। जहां से दोनों लोग रात करीब नौ बजे बाइक से घर आ रहे थे। रास्ते में कोलाघाट पुल पर बड़े वाहनों के आवागमन को रोकने के लिए पत्थर की सिलाएं लगी हुई हैं। जिनके बीच बनी जगह से दोपहिया वाहन निकलते रहते हैं।

रात घना कोहरा होने के कारण पुल पर लगीं पत्थर की सिलाएं दिखाई नहीं दीं और बाइक पुल पर पत्थरों से टकरा गई, जिससे बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। चूंकि रात में उस रास्ते से लोगों का आना-जाना कम  था, इसलिए दोनों लोग काफी देर तक घटना स्थल पर पड़े रहे। किसी राहगीर ने उधर से निकलते वक्त देखा तो उसने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया।

लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद ले जाते वक्त विशाल कोरी की रास्ते में मौत हो गई। जबकि उसका साथी मोहित गंभीर रूप से घायल है।जिसे सैफई मेडिकल कॉलेज में  भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

आखिर क्यों नहीं लगाई गईं रेडियम की पट्टी: इस घटना के बाद लोग पीडब्यूडी के जिम्मेदार अधिकारियों पर दोष दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब पुल पर चौपहिया वाहन रोकने के लिए पत्थर लगाए गए थे, तो उसमें रेडियम की पट्टी लगाई जानी चाहिए थीं, ताकि घनघोर कोहरे में वाहन की लाइट पड़ने पर उधर से गुजरने वाले लोगों को रास्ते का अनुभव हो सके, लेकिन बेपरवाह अधिकारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया और हादसे में युवक की जान चली गई, जबकि दूसरा जिंदगी-मौत से जूझ रहा है।

रेडियम पट्टी लगवाई गईं थी,हो सकता है कि हट गईं हों। हादसे से बचने के लिए संबंधित विभाग से कह कर रेडियम पट्टी लगवाई जाएंगी।- गौरव त्यागी, थानाध्यक्ष कलान।

ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर: भाजपा पार्षद पर फायरिंग का आरोप, सपाइयों ने किया एसपी दफ्तर का घेराव कार्रवाई न करने पर दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

संबंधित समाचार