UP पावर कारपोरेशन का बड़ा कदम, बदले जाएंगे घरों में लगे चाइनीज मीटर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। चाइनीज मीटरों को लेकर आ रहीं तमाम दिक्कतों को देखते हुए पॉवर कारपोरेशन ने राजधानी के तमाम इलाकों में इन्हें बदलने की तैयारी की है। जल्द ही उपभोक्ताओं के यहां चाइनीज मीटर की जगह अन्य मीटर लगाए जाएंगे। इन मीटरों की गुणवत्ता रिपोर्ट आने के बाद पॉवर कारपोरेशन ने यह कदम उठाया है। मीटर बदलने के लिए कारपोरेशन ने चार निजी कंपनियों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है।

लेसा अधिकारियों के अनुसार, चाइनीज मीटरों के चलते विभाग को राजस्व का नुकसान हो रहा है। चाइनीज मीटरों के पहले लगे मीटरों से विभाग को अधिक राजस्व प्राप्त होता था। इसी के चलते विभाग ने इन मीटरों की जांच शुरू की। चाइनीज मीटरों की महीनों जांच के बाद इन मीटरों के धीमे चलने के साथ इसमें कई तरह की तकनीकी खामियां सामने आईं। इसके बाद विभाग ने इन मीटरों को उतारने का निर्देश जारी किया है।

मीटर बदलने के लिए विभाग ने चरणबद्ध तरीके से चार चरणों में इन मीटरों को घरों से उतारने के लिए कमर कस ली है। चाइनीज मीटर की जगह अन्य मीटर लगाए जाने के लिए चार निजी कंपनियों का चयन किया गया है। मीटरों को लगाने के लिए विभाग ने डिवीजन के अधिकारियों को इसका जिम्मा सौंपा है। निजी कंपनियों के साथ बिजली कर्मचारी उपभोक्ताओं के घर जाकर मीटरों के बदलने का कार्य करेंगे। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, चाइनीज मीटरों में कई तरह की दिक्कतें आ रही थीं। चाइनीज मीटरों को लेकर लोड बढ़ने, अचानक यूनिट में उछाल के साथ ही मीटर में लगे इंडीकेटर का काम करना बंद कर देना संबंधी कई शिकायतें उपभोक्ताओं ने की है। शहर के मड़ियांव, जानकीपुरम, बीकेटी, चिनहट, सरोजनी नगर, चौक, सहित तमाम क्षेत्रों में पुराने मीटरों की जगह नए मीटरों को लगाया जाएगा।

वर्जन-
चाइनीज मीटरों को लेकर उपभोक्ताओं की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं, इसके बाद इनको बदलने की तैयारी की गई है। इससे उपभोक्ताओं को चाइनीज मीटरों में आ रहीं दिक्कतों से छुटकारा मिल जाएगा।
सुनील कपूर, मुख्य अभियंता, ट्रांसगोमती

ये भी पढ़ें -गोरखपुर में सीएम योगी ने किया जनता दर्शन, सुनीं समस्याएं - देखें Video

संबंधित समाचार