Video : गोरखपुर में सीएम योगी ने किया जनता दर्शन, कहा - किसी भी दशा में बख्शे न जाएं जबरन जमीन कब्जाने वाले
गोरखपुर, अमृत विचार। सीएम योगी आदित्यनाथ अपने गोरखपुर दौरे पर हैं। जहां उन्होंने मंगलवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया। सीएम योगी खुद एक-एक फरियादी के पास गए और उनकी समस्याएं सुनीं। सीएम ने सभी से उनकी परेशानी से सम्बंधित प्रार्थना पत्र लिए और अधिकारीयों को समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले भू माफिया और कमजोरों को उजाड़ने वाले दबंग किसी भी दशा में बख्शे न जाएं। उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सरकार का संकल्प है कि किसी के भी साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
सीएम योगी मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक वह खुद पहुंचे और एक-एक करके सबकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उन्होंने सबको आश्वस्त किया कि उनके रहते किसी के साथ नाइंसाफी नहीं होगी। सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश देने के साथ लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए दृढ़ संकल्पित है।
कुछ लोगों ने भू माफिया द्वारा जमीन कब्जा करने की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भू माफिया को करारा सबक सिखाया जाएगा। उनके रहते कोई भी किसी कमजोर या गरीब को उजाड़ नहीं पाएगा। मुख्यमंत्री ने पास में मौजूद प्रशासन व पुलिस के अफसरों को निर्देशित किया कि जबरन जमीन कब्जा करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई करें। सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी दबंग, माफिया, अपराधी किसी की जमीन पर कब्जा न करने पाए। मुख्यमंत्री के समक्ष जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। सीएम योगी ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए भरपूर मदद करेगी। उनके प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को हस्तगत करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण करा कर शासन में उपलब्ध कराया जाए।
आमजन की सेवा और सुरक्षा हेतु सतत क्रियाशील हैं महाराज जी!
— Yogi Adityanath Office (@myogioffice) January 16, 2024
मुख्यमंत्री श्री @myogiadityanath जी महाराज ने आज @GorakhnathMndr परिसर में 'जनता दर्शन' में विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं एवं अधिकारियों को जन-समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु निर्देश दिए। pic.twitter.com/ONOj02WsYt
ये भी पढ़ें - 9 साल में करीब 6 करोड़ UP के लोग गरीबी रेखा से आए बाहर, नीति आयोग की रिपोर्ट पर सीएम योगी ने जताई खुशी
