Weather Forecast Kanpur: 21 साल बाद टूटा सर्दी का रिकार्ड… फ्लाइटें निरस्त, मौसम वैज्ञानिक का ये है अनुमान

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

कानपुर में 21 साल बाद सर्दी का रिकार्ड टूटा।

कानपुर में 21 साल बाद सर्दी का रिकार्ड टूटा। लगातार तीसरे दिन दोनों उड़ानें निरस्त की गईं।

कानपुर, अमृत विचार। 15 जनवरी की सर्दी ने पिछले 21 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सोमवार को अधिकतम पारा 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 24 घंटे के भीतर अधिकतम तापमान ने 4.4 डिग्री सेल्सियस का गोता लगा दिया। इससे दिन में गजब की गलन रही।

इससे पहले 15 जनवरी 2003 को अधिकतम पारा 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। चकेरी एयरपोर्ट से लगातार तीसरे दिन दोनों उड़ान निरस्त रहीं। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो फिलहाल गलनभरी सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

सर्दी का सितम कम नहीं हो रहा है। सोमवार को लोग दिनभर ठिठुरते रहे। चकेरी एयरपोर्ट से लगातार तीसरे दिन दोनों उड़ानें निरस्त रहीं। 57 ट्रेनें देरी से सेंट्रल आईं। सड़क यातायात भी कोहरे की वजह से प्रभावित रहा। सर्दी व कोहरा अधिक होने से सड़क पर वाहन औसत से कम निकले।

शहरवासियों को सुबह से ही घने कोहरे ने परेशान किया। कोहरे के साथ बह रही शीतलहर से लोगों ने घरों में ही रहना सुरक्षित समझा। जरूरी काम से बाहर निकलने वालों को लाइट जलाकर वाहन चलाना पड़ा।

सोमवार को सीएसए के मौसम वैज्ञानिकों ने न्यूनतम पारा 6.6 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम पारा 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि अधिकतम पारा 4.4 डिग्री सेल्सियस लुढ़का है जिस कारण दिन में भीषण गलन रही।

सीएसए के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने बताया कि शहर में सोमवार को अतिशीतलहर रिकॉर्ड की गई है। सुबह व शाम को घना कोहरा रहने और शीतलहर चलने की संभावना है।

दिल्ली-मुंबई जाने वाले यात्री निराश

खराब मौसम की वजह से सोमवार को दिल्ली और मुंबई की फ्लाइट नहीं उड़ सकी। इससे 268 यात्री निराश हो गए। शहर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट को ऐन वक्त पर कैंसिल किया गया। इससे दिल्ली जाने वाले यात्रियों को लखनऊ जाकर फ्लाइट लेनी पड़ी।

 6421 ने टिकट किए कैंसिल

सेंट्रल पर आने वाली ट्रेनों की लेट लतीफी की वजह से सोमवार को 6421 यात्रियों ने अपने रिजर्व टिकट कैंसिल कराए। सेंट्रल पर सबसे ज्यादा प्रभावित दिल्ली हावड़ा रूट रहा। इस रूट की 29 ट्रेनें देरी से सेंट्रल पहुंचीं। कुल 57 ट्रेनें लेट रहीं। सबसे अधिक देरी से आने वाली ट्रेनों में बिहारसंपर्क क्रांति ने 18 घंटे यात्रियों को इंतजार कराया। सूबेदार सुपरफास्ट 10.30 घंटे देरी से आई। गोरखधाम एक्सप्रेस 15 घंटे देरी से सेंट्रल पहुंची। पूर्वा एक्सप्रेस 17 घंटे व स्वतंत्रता संग्राम सेनानी 17 घंटे देरी से आई।

ये भी पढ़ें- Kanpur News: डेढ़ हजार दिव्यांगों को सांसद सत्यदेव पचौरी ने बांटे कम्बल… आन्नदेश्वर मंदिर में चलाया सफाई अभियान

 

संबंधित समाचार