रायबरेली: रामोत्सव को लेकर भगवामय हुआ शहर, रामनामी झंडें, टोपी और पटके की सजी दुकानें
शहर से लेकर ग्रामीण बाजारों में दिख रहा है असर, खरीददारी के लिए उमड़ रहे लोग
रायबरेली, अमृत विचार। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की तारीख नजदीक आते ही जिले का माहौल राममय हो गया है। रामोत्स्व मनाने की तैयारियों को लेकर दुकानों पर रामनामी पटके, झंडे और रामदरबार की मूर्तियों की डिमांड बढ़ गई है। दुकानदारों ने भी भगवान राम से जुड़ी सामग्री दुकानों में सजा कर रखने लगे है। 22 जनवरी को भगवान राम का उत्स्व ऐतिहासिक मनाने के लिए रामभक्त भी जुट गए है।
इसका असर बाजार पर देखने को मिल रहा है। इतना ही नहीं राम नाम के झंडों की मांग बढ़ गईं है। शासन के आदेश पर जहां सभी सरकारी विभाग राम जन्मोत्सव को सफल बनाने के लिए दिन रात मेहनत कर रहे है। वही आमजन व सामाजिक संगठन भी तैयारियों में लगे हैं। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों के बाजार भगवामय नजर आ रहे हैं।
शहर के बुक मार्केट में मंगलवार को बंदी होने के बाद भी दुकानों पर राम झंडो को खरीदने वालों की अच्छी खासी भीड़ थी। खास बात यह रही कि कोई मोलभाव नही कर रहा था। लोग आस्था के साथ आकर झंडे पटका मूर्ति आदि खरीद रहे है। राम उत्सव को लेकर रामभक्त ही नहीं बल्कि व्यापारी भी काफी खुश हैं। उनका कहना है कि भगवान श्रीराम से बाजार में गर्मी आ गई है।
बड़े झंडों के साथ बाइक पर छोटे झंडों की मांग
कारोबारियों से जब पूछा गया तो उन्होंने बताया कि इस समय सब राममय है। व्यापारी संजय गुप्ता, शिव प्रसाद, भगवती प्रसाद, राजेंद्र सिंह आदि कहना है कि रामोत्स्व को लेकर लोगों में इतना उत्साह कभी देखने को नहीं मिला। इस समय सबसे ज्यादा बड़े झंडो व बाइक पर लगाने वाले झंडो की मांग बाजार में है। वही रामनामी पटका, मूर्ति भी खूब मांगी जा रही है।
20 रुपये से 500 रुपये तक हैं झंडे
दुकानों पर भगवान राम से जुडी हर सामग्री की मांग है। खास कर राम उत्सव को लेकर झंडे, पटका, फोटो, फ्रेम आदि की मांग जोरों से बढ़ी है। शहर की बुक मार्केट में 20 रुपये से लेकर 500 रुपये तक के झंडे उपलब्ध हैं। इन दुकानों पर सुबह से लेकर शाम तक सामान खरीदने वालों की भीड़ रहती है। इस समय 50 और 100 रुपये कीमत के झंडे खूब धूम मचाये हुए हैं और लोग इन्हे खूब ख़रीद रहे है।
यह भी पढ़ें:-UP विधान परिषद उप चुनाव के लिए भाजपा ने दारा सिंह चौहान को बनाया उम्मीदवार
