शाहजहांपुर: 150 बीघा जमीन पर काटी जा रहीं 15 अवैध कालोनियां, प्रशासन ने चलाया बुलडोजर

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार: बिना लेआउट पास कराए अवैध रूप से 150 बीघा जमीन पर काटी जा रहीं 15 कालोनी पर मंगलवार को प्रशासन का बुलडोजर चल गया। सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में तहसील की टीम ने शाहबाजनगर में 15 कालोनी को जमीदोज कर दिया। सुबह शुरू हुई कार्रवाई शाम तक जारी रही है। इस दौरान कृषि भूमि पर अवैध कालोनी बसाने के कालोनाइजर के मंसूबे को प्रशासन ने नाकाम कर दिया। 

महानगर में बिना नक्शा पास कराए अवैध रूप से कालोनी काटकर कालोनाइजर के मालामाल होने का क्रम जारी है। लगातार कालोनाइजर खेती की जमीन को निगल कर कंकरीट के जंगल में तब्दील कर रहे हैं। ऐसे अवैध निर्माणों पर प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है।

इसी क्रम में मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट डा. वेद प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में शाहबाजनगर क्षेत्र में हो रही 15 अवैध कालोनी में हो रही प्लाटिंग को बुलडोज़र से ध्वस्त कर दिया गया। लगभग डेढ़ सौ बीघा भूमि पर यह कालोनी काटी जा रही थीं। यहां कालोनाइजर कालोनी विकसित कर महंगे दामों पर गज के हिसाब से प्लाट बेच रहे थे।

शिकायत पर दूसरे दिन भी जिला प्रशासन की ओर से कार्रवाई की गई। कालोनाइजर को चेतावनी दी गई कि वह आगे अवैध प्लाटिंग न करें वरना उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। महानगर क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग पर हो रही कार्रवाई से पूरे जनपद के कालोनाइजर और प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप मचा रहा है।

जमीनों के इस गोरखधंधे में कुछ लेखपालों की भी भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। भविष्य में इनकी गोपनीय जांच भी कराई जा सकती है। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार सदर अनुराग दुबे, सदर बाजार थाना पुलिस और राजस्व टीम रही।

महायोजना में मानक पूरे न करने वाली कालोनियों को चिह्नित किया जा रहा है। जनता प्लाट खरीदने से पहले जमीन की जांच पड़ताल सही से कर लें। इस समय चारो ओर अवैध कालोनी का विकास किया जा रहा है। अवैध प्लाटिंग के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी---डा. वेद प्रकाश मिश्र, सिटी मजिस्ट्रेट।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: विकास की धीमी रफ्तार, महीनों से लटके स्मार्ट सिटी के चार प्रोजेक्ट

संबंधित समाचार