गोंडा: मनवर सरोवर में उतराता मिला छात्रा का शव, जांच में जुटी पुलिस
सीओ ने फॉरेंसिक टीम के साथ किया घटनास्थल का निरीक्षण
इटियाथोक/गोंडा, अमृत विचार। इटियाथोक थाना क्षेत्र के तिर्रे मनोरमा गांव की रहने वाली एक छात्रा का शव बुधवार को गांव के बाहर मनवर सरोवर में उतराता पाया गया। मृतका इंटरमीडियट की छात्रा थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजी है। पुलिस व फारेंसिक टीम मामले की पड़ताल कर रही है।
इटियाथोक थाना क्षेत्र के तिर्रे मनोरमा गांव के रहने वाले अरविंद सिंह की बेटी शिवांगी(18) कस्बे के एक कालेज में इंटरमीडिएट की छात्रा थी। मंगलवार की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। शिवांगी भी सो गयी थी। सुबह जब घर के लोग सोकर उठे तो शिवांगी घर पर नहीं थी।
परिवार के लोगों वे उसकी तलाश शुरू की तो कुछ देर बाद उसका शव गांव के बाहर स्थित मनवर सरोवर में उतराता दिखाई पड़ा। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गयी। मौके पर पहुंची पुलिस मे शव को बाहर निकाला और पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। छात्रा का शव मिलने की सूचना पर सीओ सदर शिल्पा वर्मा भी फॉरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। डॉग स्क्वायड ने भी आसपास पड़ताल करते हुए सुराग तलाशने की कोशिश की।
युवती के बाबा फौजदार सिंह ने बताया कि वह सरस्वती विद्या मंदिर इटियाथोक में इंटरमीडिएट की छात्रा थी। प्रभारी निरीक्षक निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि युवती का शव तालाब में मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं सीओ सदर शिल्पा वर्मा ने कहा कि जांच के बाद ही घटना का पता चल सकेगा कि युवती ने आत्महत्या की है या उसकी हत्या की गई है।
यह भी पढ़ें;-बहराइच: जब खुद ही झाड़ू लेकर नगर पंचायत परिसर में सफाई करने लगीं ईओ...
