प्रतापगढ़: इंजन फेल होने से तीन घंटे खड़ी रही गंगा गोमती एक्सप्रेस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कुण्डा/प्रतापगढ़, अमृत विचार। प्रयागराज से लखनऊ जाने वाली गंगा-गोमती एक्सप्रेस का इंजन बीच रास्ते खराब हो गया। इंजन में गड़बड़ी के कारण लालगोपालगंज और भदरी रेलवे स्टेशनों के बीच ट्रेन एक घंटे तक खड़ी रही। लोको पायलट ने किसी तरह ट्रेन को चलाकर कुंडा हरनामगंज रेलवे स्टेशन पहुंचाया। 

दूसरा इंजन लगाकर ट्रेन लखनऊ के लिए रवाना की गई। भीषण ठंड में बीच रास्ते में ट्रेन खड़े रहने से यात्री परेशान रहे। इससे दूसरी ट्रेनों के संचालन पर असर नहीं पड़ा। गुरुवार की सुबह करीब सात बजे लालगोपालगंज से गंगा गोमती एक्सप्रेस ट्रेन रवाना हुई, लेकिन भदरी पहुंचने से पहले ही इंजन में खराबी आ गई। आसपास के स्टेशनों पर घटना की जानकारी दी गई। 

इससे पहले कि दूसरा इंजन लगाया जाता, ट्रेन के लोको पायलट ने किसी तरह अस्थाई तौर पर खराबी दूर की और गाड़ी चलाई। रास्ते में एक घंटे खड़ी रहने के कारण कुंडा स्टेशन पर ट्रेन की लेटलतीफी पौने दो घंटे हो गई। सुबह 8:41 बजे ट्रेन कुंडा हरनामगंज रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां पर ट्रेन में दूसरे इंजन को लगाया गया। इसलिए ट्रेन यहां भी घंटों खड़ी रही। 

कुंडा हरनामगंज रेलवे स्टेशन से गंगा गोमती एक्सप्रेस को तीन घंटे विलंब से लखनऊ के लिए रवाना किया गया। रवानगी के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। भदरी स्टेशन अधीक्षक विवेक कुमार ने बताया कि गंगा गोमती एक्सप्रेस ट्रेन में दो इंजन लगा था। पहले इंजन में खराबी आई थी, कुंडा हरनामगंज में दूसरे इंजन को लगाकर लखनऊ के लिए रवाना किया गया।

यह भी पढ़ें:-बाराबंकी: प्राण-प्रतिष्ठा के बाद 13 हजार रामभक्तों भाजपा फ्री में कराएगी रामलला के दर्शन

संबंधित समाचार