प्रतापगढ़: रेलवे की पुलिया निर्माण पर भड़के ग्रामीण, किया प्रदर्शन, लगाया यह आरोप
रानीगंज/प्रतापगढ़, अमृत विचार। मां बाराही देवी धाम रेलवे स्टेशन से गौरा रेलवे स्टेशन के बीच लखनऊ - वाराणसी रेल मार्ग पर राईपुर गांव के पास रेलवे विभाग द्वारा कराए जा रहे पुलिया निर्माण पर ग्रामीण भड़क गए। रास्ता अवरुद्ध करने का आरोप लगाते हुए कार्य रोक दिया। एसओ के समझाने पर मांग पत्र देने के बाद ग्रामीण शांत हुए।
लखनऊ-वाराणसी रेल मार्ग पर राईपुर गांव के पास रेलवे विभाग द्वारा पुलिया का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। रास्ता अवरुद्ध करने का आरोप लगाते हुए कार्य बंद करा दिया। सूचना पर एसओ रानीगंज आदित्य सिंह मयफोर्स पहुंचे। काफी समझाने के बाद ग्रामीणों ने रेलवे फाटक बनाने की मांग समेत सांसद को संबोधित मांगपत्र एसओ की सौंपा।
कहा कि मां बाराही देवी धाम रेलवे स्टेशन से गौरा रेलवे स्टेशन के बीच राईपुर गांव के पास खंबा नंबर 881/ 25- 26 के पास से ही राईपुर गांव सहित अन्य गांव के लोगों का आवागमन रेलवे ट्रैक पार करके होता है। यह बहुत बड़ी समस्या है। कृष्ण कुमार पांडेय,श्याम नारायण दुबे, विनोद सरोज दुर्गा प्रसाद,कृष्ण यादव समेत जुटे ग्रामीणों ने पुलिया का निर्माण बंद कर रेलवे फाटक लगाये जाने की मांग की है।
एक स्वर से ग्रामीणों ने कहा कि पुलिया का कार्य बंद न हुआ तो आमापुर बेर्रा, मीरपुर, फतेहपुर, संडौरा, खुशहालगढ़, मीरपुर, धनुहा के लोगों का आवागमन बंद हो जाएगा। एसओ ने मांगपत्र सांसद तक पहुंचाकर कार्रवाई का भरोसा दिया।
ये भी पढ़ें -बहराइच में राम नाम की लूट! प्राण प्रतिष्ठा के चलते बढ़ी भगवा झंडे की डिमांड, आसमान पर पहुंचे दाम
