Unnao News: अलग-अलग सड़क हादसों में युवक समेत चार की मौत, दो मौत से लड़ रहे जंग....

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में अलग-अलग सड़क हादसों में युवक समेत चार लोगों ने जान गंवाई।

उन्नाव में अलग-अलग सड़क हादसों में युवक समेत चार लोगों की मौत से हड़कंप मच गया। इन सड़क हादसों में दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव में अलग-अलग हुए सड़क हादसों में युवक समेत चार लोगों की मौत हो गयी। वहीं हादसे में महिला सहित दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। सूचना पर पहुंची संबंधित थानों की पुलिस ने जांच कर शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा है। वहीं घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। 

बता दें, पहली घटना में सदर कोतवाली अंतर्गत ख्वाजगीपुर करोवन गांव निवासी बिंदाप्रसाद सोनकर (55) पुत्र स्वर्गीय मुन्ना कचहरी में अधिवक्ता विजय वर्मा के बस्ते पर मुंशी काम देखते थे। मंगलवार शाम वह कचहरी से काम निपटा कर लौट रहे थे। सदर क्षेत्र के चौरा रोड पर मैनीखेड़ा गांव के पास  पहले रात करीब आठ बजे किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। 

उन्नाव 23

कोहरा अधिक होने से काफी देर तक वे सड़क किनारे घायल पड़े रहे। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची और उन्हें जिला अस्पताल लाई। जहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिवंगत के बेटे विनोद ने बताया कि वाहन का पता नहीं चला है। पति की मौत से उसकी पत्नी बिट्टो देवी, बेटी सरिता और अन्य परिजन रो-रो कर बेहाल रहे। एसएचओ प्रमोद कुमार मिश्र ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

दूसरी घटना में कमलेश वर्मा उर्फ गोले (45) पुत्र मंगल अचलगंज थाना अंतर्गत मानपुर गांव का निवासी था। बीते मंगलवार करीब आठ बजे रात में वह गांव के ही रामलाल (40) के साथ बाइक से बीघापुर कोतवाली क्षेत्र के मैकू तेलीमार्ग स्थित शराब ठेका गये थे। बाइक कमलेश चला रहा था। जहां से लौटते समय उन्नाव-लालगंज हाईवे के सिकंदरपुर कस्बे के पास ई रिक्शा ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर घायल हो गये। जिन्हें इलाज के लिये अस्पताल लाया गया। 

डाक्टर ने जांच के बाद कमलेश को मृत घोषित कर दिया। जबकि रामलाल का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। कमलेश खेती कर परिवार का पालन-पोषण करता था। बेटे की मौत से मां नन्हकई, पिता मंगल, पत्नी सियादुलारी, बेटी गुडि़या और बेटा सचिन बेहाल हैं। घटना के बाद चालक रिक्शा छोड़कर भाग निकला। एसओ अखिलेश तिवारी  ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।

तीसरी घटना में असोहा थाना क्षेत्र के पुरवा-सोहरामऊ मार्ग पर गुरुबक्श खेड़ा गांव के पास फसल की रखवाली कर लौट रहे थे। गुरुबक्शखेड़ा गांव निवासी श्रीराम (63) को असावर निवासी बाइक सवार जयशंकर चौरसिया ने टक्कर मार दी। घटना के वक्त श्रीराम पैदल सड़क पार कर रहा था। हादसे में गंभीर घायल वृद्ध को परिजन सीएचसी लाये। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दिवंगत के भतीजे शिवकुमार ने बताया कि चाचा के कोई संतान नहीं थी। पति की मौत से पत्नी रामरती और अन्य परिजन बेहाल रहे। एसओ राजबहादुर ने बताया मृतक के भतीजे शिवकुमार की तहरीर पर बाइक सवार जयशंकर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

चौथी घटना में सोहरामऊ थाना अंतर्गत बाल्हेमऊ गांव निवासी राज पासवान (19) पुत्र हरिराम मजदूरी का काम करता था। मंगलवार को वह अपनी चाची रमाकांती (32) के साथ बैंक से रुपये निकलवाने के लिये गया था। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर हिनौरा मोड़ के पास तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना में राज और चाची रमाकांती घायल हो गयी। परिजन दोनों को नवाबगंज सीएचसी लाये। जहां राज को डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

वहीं रमाकांती की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन परिजन उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ ले गये। घटना के बाद चालक वाहन छोड़ कर भाग निकला। दिवंगत राज दो भाईयों में बड़ा था। पिता भी खेती करते हैं। बेटे की मौत से मां मालती और अन्य परिजन बेहाल हैं। एसओ कमल दुबे ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।

यह भी पढ़ें- Kanpur News: शिवराजपुर से लापता युवक का शव सीतापुर से बरामद, शराब पार्टी के दौरान दोस्तों ने ही कर दी हत्या....

संबंधित समाचार