बरेली: कांग्रेसियों से अभद्रता करने वालों की सद्बुद्धि की कामना, गांधी प्रतिमा के सामने बैठे कांग्रेसी, भाजपा को बताया अहंकारी
बरेली, अमृत विचार: अयोध्या में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल के साथ गए कांग्रेस के ध्वजवाहक बुजुर्ग नेता अनोखेलाल तिवारी के साथ कुछ लोगों द्वारा की गई अभद्रता के विरोध में बुधवार को कांग्रेसी गांधी प्रतिमा के समक्ष बैठे। रामधुन गाते हुए अभद्रता करने वालों की सद्बुद्धि की कामना की।
जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने कहा कि पिछले दिनों अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन करने पहुंचे कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल में शामिल कांग्रेस के ध्वजवाहक अनोखे लाल तिवारी के साथ भाजपा के लोगों ने अभद्रता व मारपीट की। यह भाजपा की नफरत की राजनीतिक विचारधारा को दर्शाता है।
भाजपाइयों ने उनके बुजुर्ग होने का भी लिहाजा नहीं किया। इसलिए कांग्रेस नेताओं ने गांधी प्रतिमा के सामने बैठकर रामधुन ईश्वर अल्लाह तेरो नाम सबको सन्मति दे भगवान गाते हुए सद्बुद्धि की कामना की। पूर्व विधायक छोटेलाल गंगवार ने कहा कि समाज का हर वर्ग भाजपा की नीतियों से दुखी है।
जिला उपाध्यक्ष इलियास अंसारी, जुनैद हसन एडवोकेट, जिला महासचिव मुराद बेग एडवोकेट, जिला सचिव रामपाल माली, केहरी सिंह मौर्य, संदीप शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष छेदालाल गुर्जर, हशमत अली, नदीम अख्तर,अकरम सैफी, देवकीनंदन कश्यप, मोहनलाल आर्य मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - बरेली: गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व पर सजा मुख्य दीवान साहिब दरबार, चला लंगर का दौर
