कासगंज: भगवामय हो गई जिले की सड़कें, गूंज रही रामभक्ति की धुन, जगह-जगह बनें तोरण द्वार
सुबह से ही सुनाई देने लगते हैं राम भजन, मंदिरों में हो रहे भव्य आयोजन
कासगंज, अमृत विचार। भगवान श्रीराम विराजने वाले हैं। अयोध्या में भव्य आयोजन की तैयारी है तो जिले में भी मंदिरों में कार्यक्रम हो रहे हैं। रामभक्तों में उत्साह दिखाई दे रहा है। स्वागत की तैयारी की गई है। नगर निकायों ने जगह जगह तोरण द्वार बना दिए हैं। बाजार सज गए हैं। राम भक्ति की धुन सुनाई दे रही है। हर ओर उल्लास दिखाई दे रहा है।
हर तरफ रामनाम की गूंज सुनाई दे रही है। घरों से लेकर मंदिर तक राम भजनों की गूंज है। मंदिरों चौराहों नुक्कड़ों पर प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के दिन को भव्य दीपोत्सव मनाने व भव्य समारोह की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। इन सबके बीच बाजार भी रामनाम से अछूता नहीं रहा है। दीयों और आतिशबाजी के बाद अब रामनाम का पटका, भगवा ध्वज आदि की डिमांड बढ़ गई है।दुकानें इससे पट चुकी है।
वहीं, घर-प्रतिष्ठानों पर भी इन्हें लगाने का सिलसिला तेज हो चुका है। अयोध्या के भव्य श्रीराम मंदिर में 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है। इसके महज कुछ ही दिन बचे हैं।राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समिति,आरएसएस, भाजपा, विहिप,बजरंग दल, हिंदू जागरण मंच समेत विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता इस दिन को ऐतिहासिक बनाने के लिए घर-घर अक्षत बांटकर दीपोत्सव एवं भजन कीर्तन करने के लिए लोगों से अपीलें भी कर रहे हैं।
शासन प्रशासन स्तर से भी तैयारियां कराई जा रही है। जिसका असर अब जनपद के कस्बा गंजडुण्डवार की सड़कों पर भी दिखाई देने लगा है। गांधी रोड,सुदामापुरी रोड समेत कई स्थानों पर दुकानें सजा दी गई है। जिन पर राम नाम के भगवा झंडों की ब्रिकी ने तेजी पकड़ी है।
इनकी खरीदारी में हर दिन उछाल हो रहा है।छोटे से लेकर बड़े झंडे राम भक्त पसंद कर रहे हैं। इन्हें प्राण प्रतिष्ठा को लेकर अपने-अपने घरों और प्रतिष्ठान पर लगाना भी शुरू कर दिया है।आलम ये है कि हर तरफ राममय और जश्न सा माहौल है। रामभक्त प्रभु के रंग में रगे नजर आ रहे हैं। भगवा झंडे के अलावा भगवा टोपी और प्रभु राम के नाम की पट्टिकाओं ने धूम मचा दी है।
अन्य कस्बों में भी तैयारियां
सोरों, सहावर, पटियाली, अमांपुर, ढोलना, सहित कस्बों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी भव्य तैयारी की गई है। लोग दीपोत्सव पर्व मनाएंगे। घरों में दीपावली जैसा उल्लास मनेगा। इसको लेकर हर किसी में उत्साह दिखाई दे रहा है।
ये भी पढ़ें- कासगंज: पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर बदमाश घायल, अस्पताल में भर्ती
