दुर्विजय की भतीजी का विवाह : प्रदेश की राजनैतिक धुरी बना बदायूं
डिप्टी सीएम समेत वित्त मंत्री और कई बड़े राजनेता हुए शामिल
बदायूं, अमृत विचार। बुधवार को पूरा दिन बदायूं प्रदेश की राजनीति की धुरी बना रहा। प्रदेश उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत कई मंत्री और प्रदेश भर के विधायक और अन्य वीवीआईपी लोगों की चहलकदमी रही। जिले में पूरा दिन लालबत्ती दौड़ती रहीं। वह भाजपा के ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य की भतीजी की शादी में शामिल हुए। नव दंपती को आशीर्वाद दिया। पूरा दिन प्रशासन प्रोटोकॉल देने में जुटा रहा।
शहर के पूनम लॉन में हुए आयोजन को दिव्य और भव्य बनाने की तैयारी कई दिन से चल रही थी। स्थानीय समेत गैर जिलों से यहां प्रसिद्ध खाना बनाने वाले से लेकर सजावट करने वाले, टैंट, साउंड आदि पहुंचे थे। बुधवार दोपहर से ही विवाह आयोजन में मेहमानों की भीड़ आना शुरू हो गई। डिप्टी सीएम के अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, वित्त एवं संसदीय कार्य विभाग के मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, वन पर्यावरण जंतु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री डॉ. अरुण कुमार, गन्ना विकास राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के मंत्री नरेंद्र कश्यप, पशुधन एवं दुग्ध विकास तथा राजनैतिक पेंशन विभाग के मंत्री धर्मपाल सिंह, प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र, प्रांत संघ चालक शशांक भाटिया के अलावा प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारीगण, विधायक, कई जिलों के जिलाध्यक्ष आदि पहुंचे।
