अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर हमला, कहा- सिर्फ नारों से देश का विकास नहीं हो सकता

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार झूठे सपने दिखाने का प्रपंच करने का आरोप लगाते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सिर्फ नारों से देश विकसित नहीं हो सकता। अखिलेश यादव ने गुरुवार को कहा कि भाजपा की सरकार ने नौजवानों को धोखा दिया है, इसी तरह से किसानों से भी भाजपा ने झूठा वादा किया। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि सिर्फ नारों से देश विकसित नहीं हो सकता है। भाजपा सरकार झूठ बोलती है, झूठे दावे करती है और सिर्फ झूठे सपने दिखाती है। जमीन पर उसका कोई काम नहीं दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने नौकरियां छीन ली है। नौजवान बायोडाटा लेकर भटक रहा है। भाजपा ने नौजवानों को हर साल दो करोड़ नौकरी देने का झूठा वादा किया था। बड़ी संख्या में पढ़े लिखे नौजवानों को इस सरकार में सम्मानजनक नौकरी नहीं मिल रही है। मजबूरी में युवा डिलीवरी ब्वाय और वेटर का काम करने पर मजबूर है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के 10 साल की सरकार में महंगाई और कर्ज से डूबे एक लाख से ज्यादा किसानों ने आत्महत्या कर ली। महंगाई बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। किसानों की फसलों का लागत मूल्य भी नहीं निकल पा रहा है। भाजपा ने पुराने वादों को पूरा नहीं किया, अब विकसित भारत का सपना दिखा रही है।

भाजपा सरकार ने यूपी में इन्वेस्टर समिट किया। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में 40 लाख करोड़ का एमओयू हुआ है। लेकिन आज तक कोई भी निवेश जमीन पर नहीं दिखाई दे रहा है। प्रदेश के किसी जिले में कहीं भी फैक्ट्री या कोई कंपनी लगती नहीं दिखाई दे रही है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि जो उद्योगपति एमओयू साइन करने के लिए यूपी आये थे, वही बिहार भी गए, वही तमिलनाडु और गुजरात भी गए। देश के अन्य राज्यों के इन्वेस्टर समिट में भी गए। हर राज्य में वही बातें दोहरा कर आए। भाजपा सरकार ने देश के हर वर्ग को तबाह कर दिया है। महंगाई, बेरोजगारी, अन्याय चरम पर है। देश की सीमाएं सुरक्षित नहीं है। हमारे जवान लगातार शहीद हो रहे हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र, संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों को खत्म कर रही है। जनता के मुद्दों और उनके सवालों को उठाने पर विपक्ष के सांसदों को लोकसभा से निलंबित कर दिया जाता है। देश में लोकतंत्र, संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए भाजपा सरकार को हटाना जरूरी है। 

इंडिया गठबंधन लोकसभा चुनाव में भाजपा सरकार को देश की सत्ता से हटाएगा। समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में पीडीए- पिछड़ा दलित, अल्पसंख्यक, पीड़ित अगड़ों और आधी आबादी महिलाओं को एकजुट कर इंडिया गठबंधन को मजबूत कर रही है।

यह भी पढ़ें:-प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले दुल्हन सी सजी अयोध्या, मनमोहाक कलाकृतियों से पटी सड़कें

संबंधित समाचार