संतकबीरनगर : मामूली विवाद में दो समुदायों के बीच हुई मारपीट, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
संतकबीरनगर, अमृत विचार। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के ग्राम रौरापार में मामूली बात को लेकर दो समुदायों में जमकर मार-पीट हुई। बाद में एक पक्ष ने अपने गांव के तमाम सहयोगियों को बुलाकर दूसरे पक्ष की दुकानों में तोड़फोड़ करने के बाद आग लगा दिया। घटना को लेकर दोनों पक्षों में जबरदस्त तनाव है। सूचना मिलते ही पुलिस के तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे और तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दिया है। वहीं कुछ राजनैतिक नेताओं ने घटना को साम्प्रदायिक रंग देना भी शुरू कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के रौरापार चौराहे पर मोहम्मद आलम नाम का व्यक्ति अंडे की दुकान लगाता है। ग्राम चोकहर निवासी रामकेश चौधरी और रामकेश यहीं पर मेडिकल मेडिकल स्टोर चलाते हैं। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, फिर कुछ देर बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप भी लगाए। पूरे मामले पर अपर पुलिस अधीक्षक शशि शेखर सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला है कि शराब के नशे में रामकेश नाम का युवक मोहम्मद आलम की दुकान के सामने पेशाब कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ और मोहम्मद आलम और उसके साथियों ने रामकेश की पिटाई कर दिया था। रामकेश अपने गांव गया और कुछ देर बाद अपने तमाम साथियों के साथ वापस आकर मोहम्मद आलम के ठेले को तोड़ कर नष्ट करने के साथ ही उसमें आग लगा दिया। आग से अगल-बगल की कुछ अन्य गुमटियां भी जल गई हैं। मामले में दोनों पक्षों की तहरीरों पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। दोनों पक्ष से पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। शांति व्यवस्था कायम है और गांव में पर्याप्त फोर्स की तैनाती कर दी गई है।

ये है माजरा
खलीलाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र के रौरापार निवासी मोहम्मद आलम पुत्र सज्जाद अली ने बताया कि मैं चौराहे पर अंडे की दुकान लगाता हूं। मेरा भाई आलम समेत दो अन्य लोग गुमटी में मुर्गे की दुकान किए हैं। चोकहर निवासी रामकेश चौधरी अंडा खाने आए, इसके बाद दुकान के सामने पेशाब करने लगे। मना किया गया तो काली गुप्ता देते हुए मारपीट पर आमादा हो गए। आसपास के लोगों ने किसी तरह बीच बचाव किया। कुछ देर बाद गोलबंद होकर दर्जनों की संख्या में आए और मारपीट करते हुए दुकानों में आग लगा दी।
वहीं ग्राम चोकहर निवासी रामकेश चौधरी ने दी गई तहरीर में बताया कि रौरापार चौराहे पर निजी मकान में मेडिकल स्टोर चलाता हूं। रात में रौरापार निवासी आलम हमारी दुकान के सामने पेशाब कर रहे थे। जिस पर मैंने आपत्ति जताई तो अपने भाई और अन्य साथियों के साथ धारदार हथियार लेकर आए और दुकान में तोड़फोड़ करते हुए मारपीट करने लगे। आगजनी मेरे द्वारा नहीं की गई है। विरोधी पक्ष ने फंसाने की नियत से दुकानें खुद जलाई हैं।
घटना को साम्प्रदायिक रंग देने में जुटे नेता
घटना दो समुदाय के लोगों के बीच होने के चलते राजनैतिक दलों के नेता मामले को साम्प्रदायिक रंग देने की कोशिशों में जुट गए हैं। हालांकि अभी तक मुखर होकर कोई नेता सामने नहीं आया है लेकिन पर्दे के पीछे से दोनों ही पक्षों को बल देने का प्रयास शुरू हो गया है। हालातों पर काबू पाना होगा अन्यथा यह चिंगारी बड़ी घटना का सबब बन सकती है।
ये भी पढ़ें -Amrit Vichar Impact : कौवों की मौत के मामले में सख्त हुए डीएम, मौके पर पहुंची वन विभाग और डॉक्टरों की टीम
