हरदोई: अचानक बावन ब्लॉक पहुंची हरियाणा पुलिस ने कंप्यूटर ऑपरेटर को हिरासत में लिया, हड़कंप
हरदोई। बावन ब्लाक मुख्यालय पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब वहां पहुंची हरियाणा पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने प्राइवेट कम्प्यूटर आपरेटर को अपनी हिरासत में ले लिया। जिसके बाद पुलिस ने उसकी एक्टिविटी खंगालने के लिए वहां लगे सीसीटीवी कैमरे देखें तो वे सब बंद मिले, हालांकि इस बारे में हरियाणा पुलिस अभी कुछ कहने से इंकार किया है, लेकिन साइबर क्राइम से जुड़े मामले की कानाफूसी हो रही है।
बताया गया है कि ब्लाक मुख्यालय पर आलोक अस्थाना के नाम का एक प्राइवेट कम्प्यूटर आपरेटर है। गुरुवार को वहां कामकाज हो रहा था, उसी बीच हरियाणा के गुड़गांव की क्राइम ब्रांच पुलिस की टीम वहां धड़धड़ाते हुए पहुंच गई और उसने आलोक को अपनी हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि आलोक ने अपनी सफाई में कुछ दलीलें रखीं, जिन्हें परखने के लिए जब हरियाणा पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तो पता चला कि सारे सीसीटीवी कैमरे बंद है।
उसके बाद हरियाणा पुलिस ने बीडीओ डा. रामप्रकाश को फोन मिलाया, लेकिन उन्होंने उसे रिसीव ही नहीं किया। इस बारे में एसएचओ लोनार आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया है कि मामला साइबर क्राइम से जुड़ा हुआ है, हालांकि हरियाणा पुलिस ने कोई खास क्लू नहीं दिया, पूछताछ के लिए हिरासत में लेने की बात कही जा रही है।
यह भी पढ़ें: बहराइच: सामुदायिक शौचालय में कहीं लटके हैं ताले तो कहीं गायब हैं रखवाले
